उत्तराखंडदेहरादूनराजनीती

सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर सख्त हुए सीएम धामी, एसओपी बनाने के निर्देश

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकारी कार्यालयों और कार्यस्थलों पर अधिकारियों, कर्मचारियों एवं शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मुख्य सचिव को विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार करने के निर्देश दिए हैं।

सोमवार को उत्तराखंड अधिकारी-कर्मचारी-शिक्षक मोर्चा के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री आवास में सीएम धामी से भेंट कर हाल के दिनों में सरकारी कर्मचारियों के साथ हुई घटनाओं को उठाया।

शिक्षा निदेशालय की घटना का उल्लेख

मोर्चा के पदाधिकारियों ने 21 फरवरी को प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में हुई घटना सहित अन्य स्थानों पर सरकारी कार्मिकों के साथ हुई घटनाओं का जिक्र करते हुए ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की।

मुख्यमंत्री ने कर्मचारी नेताओं की बातों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि सरकार कार्मिकों के मान-सम्मान और सुरक्षा को लेकर संवेदनशील है।

डीजीपी और एसएसपी को भी निर्देश

सीएम धामी ने मुख्य सचिव को फोन कर अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षकों की सुरक्षा के लिए जल्द एसओपी तैयार करने को कहा। साथ ही डीजीपी को निर्देश दिए कि सरकारी कार्यालयों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं और ऐसी घटनाओं पर त्वरित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने एसएसपी देहरादून को शिक्षा निदेशालय की घटना में शामिल दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए हैं।

सरकार के इस निर्णय को सरकारी कार्मिकों की सुरक्षा और कार्यस्थल पर सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button