उत्तराखंडक्राइम

देहरादून में सनसनीखेज वारदात: मच्छी बाजार में युवती की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

देहरादून। राजधानी देहरादून में एक बार फिर दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शहर के अत्यंत व्यस्त मच्छी बाजार क्षेत्र में धारदार हथियार से एक युवती का गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। इस जघन्य घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

घर के बाहर बाइक सवार युवक ने दिया वारदात को अंजाम

मिली जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक घटना देहरादून के मच्छी बाजार क्षेत्र में हुई, जहां 23 वर्षीय गुन्नू नाम की युवती की बेरहमी से हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह गुन्नू के घर के बाहर एक युवक बाइक से पहुंचा। जैसे ही युवती घर से बाहर निकली, युवक ने उसे रोका और बातचीत करने लगा। इसी दौरान अचानक उसने चापड़ से युवती का गला रेत दिया।

पहले ही कर चुकी थी शिकायत

घटना का सबसे चौंकाने वाला तथ्य यह है कि युवती ने दो दिन पहले खुड़बुड़ा  चौकी में आरोपी के खिलाफ धमकी देने की लिखित शिकायत दी थी। इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिससे आरोपी के हौसले बुलंद रहे और उसने इस निर्मम हत्या को अंजाम दे दिया।

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

हमले के बाद युवती लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ी। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे गंभीर हालत में दून चिकित्सालय पहुंचाया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद युवती को मृत घोषित कर दिया।

घटना स्थल पर फॉरेंसिक जांच, पुलिस तैनात

घटना की सूचना मिलते ही एसपी सिटी प्रमोद कुमार मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।  पूरे घटनास्थल को घेरकर फॉरेंसिक टीम के माध्यम से साक्ष्य एकत्र किए गए। इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

त्वरित कार्रवाई में आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 27 वर्षीय आकाश कुमार पुत्र कोमल राम निवासी 46 मन्नूगंज खुडबुड़ा मोहल्ला के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी से हमले के कारणों को लेकर सख्ती से सवाल किए जा रहे हैं।

हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। हत्या के पीछे के कारणों, आरोपी और मृतका के आपसी संबंधों तथा घटना की पृष्ठभूमि की बारीकी से जांच की जा रही है।

महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल

इस घटना ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शिकायत के बावजूद समय रहते कदम न उठाया जाना एक निर्दोष जान पर भारी पड़ गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button