उत्तराखंडक्राइमदेहरादून

बिग ब्रेकिंग: देहरादून गोलीकांड में नया मोड़, मृतक की मां समेत तीन पर मुकदमा दर्ज

देहरादून। राजधानी के तिब्बती मार्केट के पास दिनदहाड़े हुई कारोबारी अर्जुन शर्मा की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। मृतक की पत्नी अभिलाषा शर्मा की तहरीर पर पुलिस ने अर्जुन की मां बीना शर्मा समेत तीन अन्य लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस मामले ने अब कथित साजिश और कॉन्ट्रैक्ट किलिंग का रूप ले लिया है।

कोतवाली डालनवाला में दर्ज कराए गए मुकदमे में बीना शर्मा के अलावा विनोद उनियाल, उनकी पत्नी संगीता उनियाल और देहरादून स्थित एस.के. मेमोरियल हॉस्पिटल के संचालक डॉ. अजय खन्ना को नामजद किया गया है।

पैसों के विवाद में हत्या की साजिश का आरोप

पुलिस को दिए गए लिखित प्रार्थना पत्र में अभिलाषा शर्मा ने आरोप लगाया है कि उनकी सास बीना शर्मा, विनोद उनियाल, संगीता उनियाल और डॉ. अजय खन्ना के बीच लंबे समय से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी आर्थिक विवाद का उनके पति अर्जुन शर्मा ने कड़ा विरोध किया था, जिसके चलते अर्जुन और उनकी मां के बीच गंभीर मतभेद हो गए थे।

अभिलाषा के मुताबिक, यह विवाद इतना बढ़ गया था कि मामला न्यायालय में भी विचाराधीन है। उन्होंने आशंका जताई है कि इसी रंजिश और आर्थिक विवाद के चलते इन सभी ने मिलकर उनके पति की हत्या की साजिश रची और सुपारी देकर दिनदहाड़े हत्या कराई गई।

अब साजिश के एंगल से जांच

पत्नी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विवेचना हर एंगल से की जा रही है और हत्या के पीछे साजिश व पैसों के लेन-देन की भूमिका की गहनता से जांच होगी।

इस सनसनीखेज खुलासे के बाद तिब्बती मार्केट गोलीकांड ने अब नया मोड़ ले लिया है और आने वाले दिनों में जांच के दौरान कई और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button