उत्तराखंडक्राइम

खटीमा वृद्धा हत्याकांड में पुलिस ने खंगाले 50 सीसीटीवी कैमरे, कई राज्यों में दबिश

खटीमा: खटीमा नगर स्थित देवभूमि धर्मशाला कॉलोनी में हुई वृद्धा की संदिग्ध हत्या के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। अब तक आसपास लगे 50 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा चुकी है। फुटेज में कैद संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।

खून से लथपथ मिला था शव

खटीमा नगर स्थित देवभूमि धर्मशाला कॉलोनी स्थित मकान की दूसरी मंजिल में रह रही जानकी चंद (पत्नी स्व. हरीश चंद) का शव बुधवार देर रात खून से लथपथ बरामद हुआ था। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

तीन जांच टीमें गठित

मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने तीन जांच टीमें गठित की हैं। टीम में कोतवाल विजेंद्र शाह, एसएसआई ललित मोहन रावल, उपनिरीक्षक किशोर पंत, अशोक कांडपाल, भूपेंद्र रंसवाल, ललित बिष्ट, जीवन चुफाल समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं।

संदिग्धों और नशेड़ियों से पूछताछ

पुलिस आसपास के पुराने अपराधियों, संदिग्धों और नशे के आदी व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है। मृतका के किरायेदार से भी लगातार जानकारी जुटाई जा रही है।

सूत्रों के अनुसार सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले हैं। हालांकि अधिकारियों ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। सुराग मिलने के बाद पुलिस टीमें उत्तर प्रदेश, दिल्ली और हरियाणा में भी दबिश दे रही हैं।

जल्द खुलासे का दावा

कोतवाल विजेंद्र शाह ने बताया कि मृतका के पुत्र प्रेम चंद की ओर से तहरीर दी गई है। जल्द ही प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दावा किया है कि मामले का शीघ्र खुलासा कर दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button