तोताघाटी में दर्दनाक हादसा, पहाड़ी से बोल्डर गिरने से ट्रक चालक की मौत, चार घंटे बाधित रहा हाईवे

ऋषिकेश: ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित अति संवेदनशील तोताघाटी क्षेत्र में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। पहाड़ी से अचानक भारी बोल्डर गिरने से सीमेंट से लदा ट्रक उसकी चपेट में आ गया, जिससे चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
केबिन तोड़कर चालक पर गिरा विशाल बोल्डर
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक ऋषिकेश से सीमेंट लादकर श्रीनगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान तोताघाटी के पास पहाड़ी से छोटे-बड़े पत्थरों के साथ एक विशाल बोल्डर गिरा, जिसने ट्रक के केबिन को तोड़ते हुए सीधे चालक को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद बोल्डर के नीचे दबे चालक के शव को बाहर निकाला गया।
मृतक की पहचान
मृतक की पहचान मुरारी लाल (55) निवासी पुदियानी, कर्णप्रयाग (चमोली) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) देवप्रयाग भिजवाया और परिजनों को घटना की सूचना दे दी है।
चार घंटे तक बंद रहा राष्ट्रीय राजमार्ग
दुर्घटना के बाद ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग करीब चार घंटे तक पूरी तरह अवरुद्ध रहा। बाद में सड़क से मलबा और बोल्डर हटाकर यातायात बहाल किया गया।
ब्लैक स्पॉट माना जाता है तोताघाटी
तोताघाटी क्षेत्र भूस्खलन और पहाड़ से पत्थर गिरने की घटनाओं के लिहाज से बेहद संवेदनशील माना जाता है। यह स्थान पहले भी हादसों के कारण चर्चा में रहा है।
प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि पहाड़ी मार्गों पर सफर करते समय सतर्कता बरतें और मौसम की स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा करें।



