
देहरादून: उत्तराखंड में कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ आक्रामक तेवर अपनाने का फैसला किया है। पार्टी ने आगामी तीन महीनों के लिए विस्तृत आंदोलन कार्यक्रम तय किया है, जिसकी शुरुआत 16 फरवरी को राजभवन कूच से होगी।
गुरुवार को कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने आगामी रणनीति पर गहन चर्चा की। बैठक में तय किया गया कि प्रदेशभर में चरणबद्ध आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में निर्णय लिया गया कि भाजपा सरकार के खिलाफ राज्य स्तर से लेकर जिला और विधानसभा स्तर तक निरंतर हल्ला बोल अभियान चलाया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और संसाधनों की लूट चरम पर पहुंच चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में अब तक सीबीआई जांच शुरू न होना सरकार की नाकामी को दर्शाता है।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि भाजपा शासन में आपदा प्रभावितों की अनदेखी हो रही है और विकास प्राधिकरणों की मनमानी से आम जनता त्रस्त है। उन्होंने धराली हादसे का हवाला देते हुए सरकार की संवेदनशीलता पर सवाल उठाए।
कांग्रेस में दिखी नई एकजुटता
राहुल गांधी की सख्त नसीहत के बाद पार्टी संगठन में नई ऊर्जा दिखाई दी। प्रेस कांफ्रेंस में सभी शीर्ष नेताओं की मौजूदगी ने कांग्रेस की एकजुटता और मजबूती का संदेश दिया।



