
सोमेश्वर: राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में शिक्षकों की भारी कमी के चलते छात्राओं का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा। गुरुवार को अभिभावक संघ के नेतृत्व में छात्राओं ने सोमेश्वर चौराहे पर प्रदर्शन किया और शिक्षा विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
अभिभावकों ने बताया कि स्कूल में तैनात अंग्रेजी विषय की सहायक अध्यापक को नवंबर में देहरादून अटैच कर दिया गया, जिससे अंग्रेजी विषय की पढ़ाई पूरी तरह ठप हो गई है। इससे विद्यालय में पढ़ने वाली 188 छात्राओं का भविष्य अधर में लटक गया है।
उन्होंने कहा कि शिक्षकों की कमी के चलते विद्यालय में शैक्षणिक माहौल प्रभावित हो रहा है और लगातार छात्र संख्या घट रही है। अभिभावकों ने सरकार से मांग की कि अंग्रेजी शिक्षक को तत्काल वापस भेजा जाए और रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति की जाए।
प्रदर्शन में शिक्षक-अभिभावक संघ की अध्यक्ष रेखा बोरा समेत कई अभिभावक, छात्राएं और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।



