उत्तराखंडक्राइमराजनीती

देहरादून में कश्मीरी युवक पर हमला,सीएम उमर अब्दुल्ला ने जताई नाराजगी, करी सख्त कार्रवाई मांग

देहरादून : उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक कश्मीरी युवक के साथ हुई हिंसा की घटना ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले पर अब जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने गुरुवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बातचीत कर घटना पर गंभीर चिंता व्यक्त की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

जम्मू-कश्मीर मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, सीएम उमर अब्दुल्ला ने देहरादून में एक कश्मीरी शॉल विक्रेता पर हुए हमले को पूरी तरह अस्वीकार्य बताया और कहा कि ऐसी घटनाओं पर तुरंत रोक लगनी चाहिए। उन्होंने साफ कहा कि दोषियों को कानून के मुताबिक कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

सोशल मीडिया पर भी जताई नाराजगी

सीएम उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि हिमाचल प्रदेश समेत देश के विभिन्न हिस्सों में कश्मीरियों के खिलाफ हो रही घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा,
“जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है, लेकिन देश के अन्य हिस्सों में कश्मीर के लोग डर के माहौल में जीने को मजबूर हैं। मेरी सरकार जहां जरूरत होगी, वहां हस्तक्षेप करेगी और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए हर जरूरी कदम उठाएगी।”

मुख्यमंत्री धामी ने दिया सख्त कार्रवाई का भरोसा

उत्तराखंड मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। साथ ही उन्होंने राज्य में रह रहे जम्मू-कश्मीर के नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात भी कही है।

राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी तेज

इस घटना को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। पीडीपी नेता इल्तिजा मुफ्ती ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे कश्मीरियों के खिलाफ बढ़ती हिंसा से जोड़ा। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि 18 वर्षीय कश्मीरी शॉल विक्रेता पर लोहे की रॉड से हमला किया गया, जिससे उसकी हड्डियां टूट गईं। उन्होंने मुख्यमंत्री धामी से सवाल किया कि क्या इस मामले में ठोस और प्रभावी कार्रवाई होगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

क्या है पूरा मामला?

यह घटना देहरादून के विकासनगर के डाकपत्थर क्षेत्र की है। पीड़ित के परिजनों के अनुसार, बुधवार शाम हमलावरों ने पहले युवक और उसके परिवार से उनकी पहचान पूछी। जैसे ही उन्हें पता चला कि वे मुस्लिम समुदाय से हैं और कश्मीर के रहने वाले हैं, हमलावरों ने हिंसा शुरू कर दी।

आरोप है कि युवक को बेरहमी से पीटा गया, उसके परिजनों को घसीटा गया, थप्पड़ मारे गए और नुकीली लोहे की रॉड से हमला किया गया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। इस घटना के बाद देशभर में रोष और चिंता का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button