
गैरसैंण: उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार का आगामी बजट सत्र इस बार गैरसैंण में आयोजित किया जाएगा। विधायी विभाग ने मंगलवार को इसकी औपचारिक अधिसूचना जारी कर दी है। सत्र 9 मार्च से 13 मार्च तक चलेगा, जबकि बजट 11 मार्च को पेश किया जाएगा।
सरकार के चार वर्ष पूरे होने के अवसर पर 7 मार्च को हरिद्वार में प्रदेश स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो सकते हैं।
बजट सत्र की रूपरेखा
सूत्रों के अनुसार, सत्र के पहले दिन राज्यपाल का अभिभाषण होगा, जिसमें सरकार की नीतियों और उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया जाएगा। इसके बाद सदन की कार्यवाही शुरू होगी और 11 मार्च को वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया जा सकता है। विधानसभा सचिवालय ने सत्र की तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्य मंत्रणा समिति और सर्वदलीय बैठक की तिथियां जल्द घोषित की जाएंगी।
510 प्रश्न प्राप्त, बढ़ने की संभावना
अधिकारियों के अनुसार, अब तक विधायकों की ओर से लगभग 510 प्रश्न प्राप्त हो चुके हैं। सूत्रों ने संकेत दिया कि यदि कार्यसूची विस्तृत रही तो सत्र की अवधि बढ़ाने पर भी विचार किया जा सकता है।
बजट से पहले जनता से राय
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि बजट तैयार करने से पहले आम जनता से राय ली जा रही है। चंपावत में संवाद कार्यक्रम के बाद अब पौड़ी में भी जनसंवाद आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बजट को केंद्र सरकार की नीतियों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है ताकि राज्य के विकास को नई गति मिले।
चारधाम यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाएंगे
धामी ने चारधाम यात्रा की तैयारियों पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए सभी विभाग समय रहते आवश्यक इंतजाम कर रहे हैं। बुनियादी ढांचे, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि चारधाम यात्रा राज्य की आर्थिकी से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है और श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है।



