उत्तराखंडक्राइमदेहरादून

गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड में दो मददगार गिरफ्तार, पुलिस खुलासे के करीब

देहरादून: सिल्वर सिटी मॉल में झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर विक्रम शर्मा की हत्या के मामले में पुलिस खुलासे के करीब पहुंच गई है। हत्याकांड को अंजाम देने वाले शूटरों के दो मददगारों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार एक आरोपी के बेटे ने हरिद्वार में वाहन बुक करने के लिए यूपीआई के माध्यम से भुगतान किया था, जबकि दूसरे आरोपी ने शूटरों को वाहन, टिकट और अन्य व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई थीं।

13 फरवरी को हुई थी सरेआम हत्या

13 फरवरी को सिल्वर सिटी मॉल में उस समय सनसनी फैल गई जब जिम से बाहर निकल रहे विक्रम शर्मा पर घात लगाए हमलावरों ने बेहद करीब से सिर में कई गोलियां दाग दीं।

बताया जा रहा है कि तीन बदमाश बाइक से आए थे। दो हमलावर सीढ़ियों के पास छिपकर खड़े हो गए, जबकि तीसरा कुछ दूरी पर बाइक लेकर इंतजार करता रहा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कुछ सौ मीटर तक पैदल भागे और फिर काली बाइक पर सवार होकर फरार हो गए।

कई राज्यों में दर्ज हैं 50 से अधिक मुकदमे

विक्रम शर्मा पर झारखंड में हत्या समेत 50 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह मूल रूप से सिंहभूमि, जमशेदपुर (झारखंड) का रहने वाला था और वर्तमान में देहरादून के अमन विहार में रह रहा था।

काशीपुर में उसका स्टोन क्रेशर और प्रॉपर्टी का कारोबार भी बताया जा रहा है। पुलिस को उसके कई कुख्यात अपराधियों और गैंगस्टरों से संबंध होने की जानकारी मिली है।

झारखंड कनेक्शन की जांच

हत्याकांड की जांच के लिए उत्तराखंड पुलिस की टीम झारखंड भी गई और दुमका जेल में बंद अखिलेश सिंह से पूछताछ की। विक्रम को अखिलेश का गुरु माना जाता है। दोनों के बीच पुराने आपराधिक संबंध रहे हैं।

सूत्रों के अनुसार विक्रम ने अखिलेश सिंह को अपराध की दुनिया में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई थी। अब इस एंगल से भी जांच की जा रही है कि कहीं आपसी रंजिश ही हत्या की वजह तो नहीं बनी।

पारिवारिक एंगल भी जांच के दायरे में

पुलिस ने विक्रम के भाई और पत्नी से भी पूछताछ की है। पूछताछ में विक्रम की पत्नी ने अपने देवर पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस सभी पहलुओं—रंजिश, गैंगवार और पारिवारिक विवाद को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।

पुलिस का बयान

एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल एविडेंस और लोकेशन डेटा समेत कई तकनीकी पहलुओं पर जांच जारी है। पुलिस को अहम सुराग मिले हैं और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button