
हरिद्वार। हरिद्वार जिले की मंगलौर कोतवाली पुलिस ने एक शर्मनाक और सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए इलाज के नाम पर महिला से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने वाले एक फर्जी डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पीड़िता के पिता की तहरीर पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया।
अस्पताल में भर्ती महिला से की अश्लील हरकत
मामला मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के लंढोरा स्थित एक निजी अस्पताल का है, जहां इलाज के दौरान डॉक्टर रिजवान पर महिला के साथ अश्लील हरकत करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता के परिजनों के अनुसार, आरोपी डॉक्टर ने महिला को बेहोशी का इंजेक्शन देकर उसके साथ गलत नीयत से छेड़छाड़ करने का प्रयास किया।
आरोप है कि डॉक्टर ने महिला के कपड़े ऊपर उठाए और उसके निजी अंगों को छूने की कोशिश की। होश में आने के बाद महिला ने जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया, जिसकी आवाज सुनकर बाहर मौजूद परिजन मौके पर पहुंचे। महिला ने पूरी आपबीती परिजनों को बताई, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पिता की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़िता के पिता ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ तहरीर देकर कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर त्वरित कार्रवाई शुरू की।
आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल
पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी डॉक्टर रिजवान पुत्र जबिर, निवासी मुख्याली खुर्द, थाना लक्सर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
चिकित्सा पेशे को किया शर्मसार
यह घटना न केवल चिकित्सा जैसे पवित्र पेशे को शर्मसार करने वाली है, बल्कि समाज के लिए भी गंभीर चेतावनी है। पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।



