उत्तराखंड

नशे के खिलाफ दून पुलिस का कड़ा प्रहार! सेलाकुई स्थित फार्मा सिटी की कंपनियों में औचक निरीक्षण

देहरादून। नशे और मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से दून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सेलाकुई क्षेत्र स्थित फार्मा सिटी में औचक निरीक्षण अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर थाना सेलाकुई पुलिस एवं औषधि विभाग की संयुक्त टीम द्वारा यह विशेष अभियान संचालित किया गया।

अभियान के तहत फार्मा सिटी में स्थापित विभिन्न फार्मास्युटिकल कंपनियों का गहन निरीक्षण किया गया। इस दौरान औषधि विभाग की टीम ने दवाइयों की गुणवत्ता की जांच की, वहीं कुछ संदिग्ध प्रतीत हो रही दवाइयों के सैंपल भी एकत्र किए गए, जिन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर यदि किसी प्रकार की अनियमितता या संदिग्धता पाई जाती है, तो संबंधित कंपनियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपद के सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा औषधि विभाग के साथ समन्वय बनाकर समय-समय पर फार्मास्युटिकल कंपनियों एवं मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण करें।

इस संयुक्त कार्रवाई में थाना सेलाकुई के थानाध्यक्ष उप निरीक्षक पी.डी. भट्ट, वरिष्ठ उप निरीक्षक जितेंद्र कुमार, उप निरीक्षक संतोष बिष्ट (अभिसूचना इकाई), हेड कांस्टेबल महेंद्र के साथ ही औषधि विभाग से औषधि निरीक्षक मनिंदर सिंह राणा शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button