
देहरादून। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार सरकारी राशन गोदामों में जनवरी माह का चावल पहुंचना शुरू हो गया है। खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से इसे राशन विक्रेताओं को उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे अब राशन कार्डधारक दिसंबर और जनवरी, दोनों माह का राशन एक साथ ले सकेंगे। वहीं फरवरी माह के चावल का अभी इंतजार बना हुआ है।
खाद्य आपूर्ति विभाग के एआरओ विजय जोशी ने बताया कि राशन विक्रेताओं को दिसंबर माह का चावल पहले ही उपलब्ध करा दिया गया था, जबकि अब जनवरी माह का चावल भी मिलना शुरू हो गया है। चावल की आपूर्ति में हुई देरी को देखते हुए खाद्यान्न वितरण की तिथि बढ़ा दी गई है।
उन्होंने बताया कि दिसंबर माह के राशन वितरण की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 फरवरी कर दी गई है, जबकि जनवरी माह का राशन 28 फरवरी तक लिया जा सकेगा। विभाग ने कार्डधारकों से अपील की है कि वे दोनों महीनों का राशन एक साथ ले जाएं, ताकि किसी प्रकार की परेशानी न हो।
गौरतलब है कि फोर्टिफाइड राइस कर्नेल (एफआरके) यानी पोषक तत्वों से युक्त चावल के दानों की खरीद नहीं हो पाने के कारण दिसंबर माह में राइस मिलों से सरकारी सस्ते गल्ले के गोदामों तक चावल नहीं पहुंच पाया था। इससे पूरे सिस्टम में चावल की आपूर्ति प्रभावित हुई थी।
जानकारी के अनुसार अभी तक फरवरी माह का चावल गोदामों में नहीं पहुंचा है, जबकि नियमों के अनुसार प्रदेश में राशन डीलरों को एक सप्ताह पहले अग्रिम राशन उपलब्ध कराया जाना चाहिए। जिले में कुल 664 राशन दुकानों से 2,35,104 राशन कार्डधारक जुड़े हुए हैं। इन कार्डों के माध्यम से हर माह 9,58,916 यूनिट राशन का वितरण किया जाता है।
खाद्य आपूर्ति विभाग का कहना है कि फरवरी माह के चावल की आपूर्ति को लेकर भी जल्द स्थिति स्पष्ट की जाएगी।



