Uncategorized

रुद्रप्रयाग में गुलदार का आतंक,5 साल के बच्चे को उठाकर ले गया, आठ स्कूलों में अवकाश

रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग के न्याय पंचायत सारी अंतर्गत सिंद्रवाणी गांव में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। घर के आंगन में मां के साथ मौजूद पांच वर्षीय बच्चे को गुलदार मां के हाथ से झपट्टा मारकर उठाकर जंगल की ओर ले गया। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने शोर मचाया और बच्चे की तलाश शुरू की। सूचना मिलने पर प्रशासन और वन विभाग की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। फिलहाल ग्रामीणों और प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा सर्च ऑपरेशन जारी है, लेकिन देर शाम तक बच्चे का कोई सुराग नहीं लग पाया।

बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने चार और पांच फरवरी को सिंद्रवाणी क्षेत्र के आठ विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है। जिन विद्यालयों में अवकाश रहेगा, उनमें राजकीय प्राथमिक विद्यालय चमसील, सारी, सिंद्रवाणी, झालीमठ, छिनका, हिलोरीधार, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय छिनका और जनता हाई स्कूल ककोड़ाखाल शामिल हैं।

इसके साथ ही इन सभी विद्यालयों के आसपास संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों में भी दो दिन का अवकाश रहेगा।

घटना के बाद से गांव में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है। जिला पंचायत सदस्य जयवर्धन काण्डपाल ने कहा कि क्षेत्र में जंगली जानवर और मानव संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने प्रशासन और वन विभाग से इस मामले में जल्द से जल्द ठोस कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल पूरे क्षेत्र में ग्रामीणों द्वारा बच्चे की तलाश जारी है और लोग प्रशासन से त्वरित सहायता की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button