उत्तराखंडशिक्षा

प्राथमिक विद्यालय में छात्राओं से सफाई का वीडियो वायरल, शिक्षा विभाग ने दिए जांच के आदेश

हरिद्वार। जिले के एक राजकीय प्राथमिक विद्यालय में छात्राओं से साफ-सफाई करवाए जाने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने से हड़कंप मच गया है। वीडियो को कोतवाली क्षेत्र के पास स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय नंबर-34 का बताया जा रहा है।

वायरल वीडियो में छात्राएं स्कूल परिसर और कक्षाओं में झाड़ू लगाती नजर आ रही हैं। वहीं कुछ महिला शिक्षिकाएं भी मौके पर मौजूद दिखाई दे रही हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोगों का दावा है कि छात्राओं से शौचालय की सफाई भी कराई गई, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

शिक्षा विभाग ने शुरू की जांच

मामले के तूल पकड़ने के बाद शिक्षा विभाग हरकत में आया है। जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) अमित कुमार ने पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश दिए हैं।

बताया जा रहा है कि यह वीडियो छह फरवरी का है। उस दिन जिला प्रशासन की ओर से स्वच्छता अभियान चलाया गया था, जिसके तहत विद्यालय में बच्चों और शिक्षकों ने साफ-सफाई की थी। इसी दौरान किसी ने वीडियो बना लिया, जो अब इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।

जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि संबंधित शिक्षकों से जानकारी ली जा रही है। यदि जांच में पाया गया कि बच्चों से जबरन साफ-सफाई कराई गई है, तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button