उत्तराखंडक्राइम

प्रेम, संपत्ति विवाद और साजिश में गई महिला की जान, आरोपी फरार

ऋषिकेश। ऋषिकेश के शिवाजी नगर क्षेत्र में रविवार रात एक तलाकशुदा महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रात करीब 10 बजे जब महिला घर में अकेली थी, तभी एक युवक बाइक से गली में पहुंचा और दरवाजा खटखटाया। जैसे ही महिला ने जाली वाला दरवाजा खोला, आरोपी ने पिस्टल सटाकर गोली चला दी, जो सीधे महिला के सीने में लगी। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

पुलिस का मानना है कि आरोपी सुरेश ने इस हत्या की योजना काफी पहले बना ली थी। हत्या के तरीके और आरोपी के शातिर व्यवहार से साफ है कि यह वारदात अचानक हुए विवाद या आवेश में नहीं, बल्कि पूरी तरह से सोची-समझी साजिश के तहत की गई।

हत्या के बाद शहर में छोड़े वाहन, आरोपी फरार

हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी सुरेश अपने दोनों वाहन स्कूटी और कार शहर में ही छोड़कर फरार हो गया। सुरेश की कार आवास विकास के समीप और स्कूटी नगर निगम कार्यालय के पास खड़ी मिली है। बताया जा रहा है कि वह घटना स्थल तक स्कूटी से पहुंचा था और बाद में अपने वाहन छोड़कर बस या किसी अन्य साधन से शहर से बाहर निकल गया।

परिजनों से करी बात

हत्या के बाद से सुरेश शातिर अपराधी की तरह व्यवहार कर रहा है। उसने हत्या वाले दिन केवल प्रीति और उसके परिजनों से ही फोन पर बातचीत की है। इसके बाद उसने मोबाइल स्विच ऑफ कर दिया। पुलिस को आशंका है कि आरोपी शहर से काफी दूर निकल चुका है।

35 लाख में पैतृक संपत्ति बेच दी, फिर भी नहीं मिला मकान

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सुरेश ने लक्सर स्थित अपनी पूरी पैतृक संपत्ति करीब 35 लाख रुपये में बेच दी थी। वह ऋषिकेश में प्रीति के साथ शादी कर बसने के लिए मकान खरीदना चाहता था, लेकिन इतनी रकम में मनचाहा मकान नहीं मिलने के कारण दोनों के बीच मनमुटाव बढ़ता चला गया। इससे सुरेश अवसाद में भी चला गया था।

शादी के लिए बना रहा था दबाव

मृतका के परिजनों ने पुलिस को बताया कि सुरेश प्रीति से शादी करने के लिए लगातार दबाव बना रहा था। इसी दबाव में उसने अपनी पत्नी को भी तलाक दे दिया था। जब प्रीति ने शादी से इनकार कर दिया तो आरोपी ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी।

मारपीट और गला दबाने की कोशिश

प्रीति की बड़ी बहन ने बताया कि सुरेश पहले भी प्रीति के साथ शारीरिक शोषण कर चुका था। वह पूर्व में हाथापाई कर चुका था और एक बार उसका गला दबाने का प्रयास भी किया था। इस संबंध में पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी।

राजनीतिक और सामाजिक संपर्क भी सामने आए

आरोपी सुरेश किसी संगठन से जुड़ा हुआ था और सामाजिक कार्यक्रमों में भी भाग लेता था। उसके सोशल मीडिया अकाउंट में राज्यसभा सांसद, विधायक, पार्षद समेत कई नेताओं के साथ तस्वीरें मौजूद हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button