
देहरादून। उत्तराखंड में सोमवार को हड़कंप मच गया जब नैनीताल और उत्तरकाशी जिला अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की जानकारी सामने आई। धमकी भरे ई-मेल के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और दोनों कोर्ट परिसरों को खाली कराया गया।
धमकी भरा ई-मेल
सूत्रों के अनुसार, धमकी भरे ई-मेल में कहा गया कि जज के चैंबर में 12 आरडीएक्स रखे हैं। ई-मेल में यह भी कहा गया कि तमिलनाडु में EWS रिजर्वेशन लागू होने से रोका जाए। धमकी भेजने वाले ने खुद को “LTTE-Pakistan ISI” बताया।
नैनीताल जिला न्यायालय के ई-मेल आईडी पर भेजे गए संदेश के बाद अधिवक्ता अपने चेंबरों से बाहर निकले और कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तत्काल क्षेत्र को खाली कराकर तलाशी अभियान शुरू किया।
हल्द्वानी और रामनगर में भी दहशत
नैनीताल से लेकर हल्द्वानी और रामनगर तक धमकी भरे ई-मेल के बाद दहशत फैल गई। हल्द्वानी सिविल कोर्ट में भी इसकी आंच पहुंची। बार एसोसिएशन हल्द्वानी के अध्यक्ष किशोर कुमार पंत ने बताया कि करीब पौने बारह बजे एसएसपी को मामले की जानकारी दी गई। परिसर में रोज 700 से अधिक अधिवक्ता मौजूद रहते हैं।
एसपी सिटी मनोज कत्याल मौके पर पहुंचे और पूछताछ की। कुछ सुनवाई कुछ घंटों के लिए टल गई। फिलहाल अधिवक्ता अपनी चेंबर में लौटने लगे हैं, लेकिन बम निरोधक दस्ते की टीम अभी तक नहीं पहुंची।
उत्तरकाशी कोर्ट में भी अलर्ट
उत्तरकाशी जिला न्यायालय में भी बम होने की सूचना मिलने पर प्रशासन ने एहतियातन पूरा परिसर खाली करा दिया। जिला जज की सूचना पर पुलिस, फायर सर्विस और खुफिया एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंची। कोर्ट परिसर के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
सुरक्षा बढ़ाई गई
पुलिस ई-मेल की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि संदेश कहां से भेजा गया। फिलहाल दोनों अदालत परिसरों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है।



