उत्तराखंडक्राइम

ट्रक-डंपरों की बैटरी चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, कबाड़ी समेत चार गिरफ्तार

हल्द्वानी। पुलिस ने ट्रक और डंपरों की बैटरी चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपित उत्तर प्रदेश के बहेड़ी (बरेली) क्षेत्र के निवासी हैं।

बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के लाइन नंबर 13 आजाद नगर निवासी जुहैब आलम ने 12 फरवरी को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि इंदिरानगर गेट के पास वाहन पार्किंग में खड़े उनके डंपर से किसी ने बैटरी चोरी कर ली। आसपास खड़े कई अन्य वाहनों की बैटरियां भी गायब मिलीं।

मामले की जांच प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में शुरू की गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें कुछ संदिग्धों की पहचान हुई।

गौला बाइपास से चार गिरफ्तार

पुलिस ने गौला बाइपास से विनोद कुमार पुत्र अमर सिंह, रंजीत सिंह पुत्र ख्याली राम, रंजीत सिंह पुत्र राम भरोसे निवासी ग्राम पिंडारी अशोक, थाना बहेड़ी जिला बरेली और बहेड़ी के मोहल्ला अब्बास नगर निवासी कबाड़ी जलील अहमद को गिरफ्तार किया।

आरोपितों के कब्जे से कार से छह चोरी की बैटरियां भी बरामद की गईं।

पहले भी कर चुके हैं चोरी

सीओ अमित कुमार सैनी ने प्रेसवार्ता में बताया कि आरोपितों ने इससे पहले भी गौला नदी किनारे खड़े खनन वाहनों की बैटरियां चोरी की थीं। चोरी का सामान जलील कबाड़ी को बेचा जाता था। पुलिस अब जलील के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है।

तीन अन्य आरोपितों पर बहेड़ी थाने में चोरी के दो मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

अग्निवीर भर्ती में लिया था हिस्सा

पूछताछ में सामने आया कि विनोद कुमार ने सेना में भर्ती होने के लिए अग्निवीर योजना के तहत आवेदन किया था। शुरुआती चरण में वह पास भी हो गया था, लेकिन पुलिस सत्यापन के दौरान पुराने केस का खुलासा होने पर उसे भर्ती से बाहर कर दिया गया। पुलिस इस बयान की भी तस्दीक कर रही है।

100 सीसीटीवी कैमरे खंगाले

रंजीत पुत्र ख्याली राम पहले गौला में खनन वाहन चालक रह चुका है। उसे जानकारी थी कि उपखनिज निकासी के बाद वाहन चालक ट्रक-डंपर खड़ा कर घर चले जाते हैं, जिससे चोरी करना आसान हो जाता है।

गिरोह तक पहुंचने के लिए पुलिस ने हल्द्वानी से पुलभट्टा तक करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिससे पुष्टि हुई कि बहेड़ी का गिरोह हल्द्वानी में वारदात को अंजाम दे रहा था।

दिल्ली से खरीदी थी स्विफ्ट कार

चोरी की बैटरियों को उत्तराखंड से दूसरे राज्यों तक ले जाने के लिए मेरठ नंबर की स्विफ्ट कार का इस्तेमाल किया जाता था। यह गाड़ी दिल्ली से खरीदी गई थी। आरोपितों ने इसे खरीदने के लिए करीब एक लाख रुपये इकट्ठा किए थे। 15 साल से अधिक पुरानी इस कार का इंश्योरेंस भी नहीं था।

गिरफ्तारी टीम में एसएसआई गगनदीप सिंह, एसआई मनोज यादव और सिपाही महबूब अली शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button