
देहरादून। प्रदेश में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेसी नेता पुलिस मुख्यालय पहुंचे और सुभाष रोड पर लगी बैरिकेडिंग पर चढ़कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगातार अपराध हो रहे हैं, लेकिन कानून व्यवस्था पूरी तरह ठप नजर आ रही है।
प्रमुख नेताओं ने साधा सरकार पर निशाना
प्रदर्शन में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चकराता विधायक प्रीतम सिंह और पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत सहित कई नेता शामिल रहे।
नेताओं ने कहा कि गुंजन हत्याकांड, अर्जुन हत्याकांड और अब विक्रम शर्मा की हत्या ने राजधानी की शांति और सुकून को भी खत्म कर दिया है।
राजपुर रोड गोलीकांड से फैली दहशत
राजधानी के पॉश इलाके राजपुर रोड पर शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे हुए गोलीकांड ने शहर में एक बार फिर सनसनी फैला दी। बीते 11 दिनों में दिनदहाड़े हत्या की यह तीसरी घटना है। लगातार हो रही वारदातों से दूनवासियों में भय और आक्रोश का माहौल है।
लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर शांत माने जाने वाले इस शहर में अपराधी इतने बेखौफ कैसे हो गए। सुबह जैसे ही घटना की खबर फैली, हर व्यक्ति की जुबान पर एक ही सवाल था—दून में यह सब क्या हो रहा है?
48 घंटे में दो हत्याएं, पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल
लगातार हो रही घटनाओं के बीच प्रशासन ने बड़ा कदम उठाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह को पद से हटा दिया है। उनकी जगह हरिद्वार के एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल को देहरादून की कमान सौंपी गई है।
अन्य तबादले इस प्रकार हैं:
अजय सिंह को एसएसपी एसटीएफ बनाया गया।एसटीएफ के एसएसपी नवनीत सिंह को हरिद्वार का एसएसपी नियुक्त किया गया।ऊधमसिंह नगर के एसएसपी मणिकांत मिश्रा को एसपी अभिसूचना बनाया गया।उनकी जगह अजय गणपति कुम्भार को ऊधमसिंह नगर भेजा गया और चंपावत के एसपी पद से हटाकर रेखा यादव को नई जिम्मेदारी सौंपी गई।
कानून व्यवस्था पर बहस तेज
राजधानी में लगातार हो रही हत्याओं के बाद कानून व्यवस्था को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। विपक्ष सरकार पर विफलता का आरोप लगा रहा है, वहीं प्रशासन हालात को नियंत्रित करने के दावे कर रहा है।



