उत्तराखंडक्राइमदेहरादून

पैसे के विवाद में करी दोस्त की हत्या, रॉड, हथौड़े और पेंचकस से हमला कर शव जंगल में फेंका, आरोपी गिरफ्तार

देहरादून: बसंत विहार निवासी 28 वर्षीय दिगंबर धीमान की हत्या के मामले में नेहरू कॉलोनी पुलिस ने फरार चल रहे उसके तीन दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि पैसों के लेन-देन के विवाद में आरोपियों ने दिगंबर की बेरहमी से हत्या कर शव हरिद्वार के चिड़ियापुर जंगल में फेंक दिया था।

ढाई लाख रुपये को लेकर था विवाद

पुलिस के अनुसार दिगंबर ने अपने दोस्तों से करीब ढाई लाख रुपये उधार लिए थे, जिन्हें वह वापस नहीं कर रहा था। 9 फरवरी को आरोपियों ने उसे रेसकोर्स स्थित घर पर बुलाया। वहां नशा करने के दौरान पैसों को लेकर विवाद हुआ।

आरोप है कि पैसे देने में आनाकानी करने पर हेमंत, आदिल और वैभव उर्फ संजू ने दिगंबर पर लोहे की रॉड, हथौड़े और पेंचकस से हमला कर दिया। गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

शव को जंगल में दबाया

घटना के बाद मुख्य आरोपी हेमंत ने एक परिचित टैक्सी चालक को बुलाकर 15 हजार रुपये देने का लालच दिया। चारों ने मिलकर शव को कंबल में लपेटकर गाड़ी की डिग्गी में रखा और हरिद्वार की ओर ले गए।

रास्ते में नेपाली फार्म के पास पुल से नीचे हत्या में प्रयुक्त हथियार फेंक दिए और चिड़ियापुर जंगल में नहर किनारे शव को रेत में दबा दिया।

गुमशुदगी से खुला राज

11 फरवरी को मृतक के पिता संतराम धीमान ने बसंत विहार थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस को टैक्सी चालक पर शक हुआ। सख्ती से पूछताछ में उसने शव ठिकाने लगाने की बात कबूल की।

पुलिस ने सर्च अभियान चलाकर चिड़ियापुर जंगल से शव बरामद किया। इसके बाद मामला नेहरू कॉलोनी थाने में स्थानांतरित किया गया।

आईएसबीटी के पास से गिरफ्तारी

पुलिस कप्तान प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर तीनों आरोपियों—हेमंत कुमार (37), आदिल (38) और वैभव भट्ट उर्फ संजू (25)—को शनिवार को आईएसबीटी के पास हरिद्वार बाईपास रोड से गिरफ्तार किया गया।

आरोपियों की निशानदेही पर नेपाली फार्म के पास पुल के नीचे से हत्या में प्रयुक्त स्टील रॉड, लोहे का हथौड़ा और मृतक के जूते बरामद किए गए हैं।

पूर्व में भी दर्ज हैं मुकदमे

पुलिस के अनुसार हेमंत और आदिल के खिलाफ पहले भी संगीन धाराओं और एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं, जबकि वैभव के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज है।

फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button