Uncategorized

“तू अगर मेरी नहीं हो सकती…”सनकी प्रेमी ने दी थी जान से मारने की धमकी, फिर बीच बाजार कर दी हत्या

देहरादून। फिल्मों में सुनाई देने वाला डायलॉग “तू अगर मेरी नहीं हो सकती तो किसी की भी नहीं हो सकती” हकीकत में एक युवती की हत्या का कारण बन गया। मच्छी बाजार में 23 वर्षीय गुंजन श्रीवास्तव की दिनदहाड़े चापड़ से हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी आकाश उर्फ गोलू के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस को दी तहरीर में मृतका के भाई अंश श्रीवास्तव ने बताया कि उसकी बहन गुंजन पिछले कई वर्षों से मच्छी बाजार स्थित एक दुकान में काम कर रही थी। उसी बाजार में आरोपी आकाश उर्फ गोलू की भी दुकान थी। आकाश रोजाना गुंजन से मिलने की कोशिश करता था और उसने खुद को अविवाहित बताकर उससे नजदीकियां बढ़ाईं।

कुछ समय बाद आकाश ने गुंजन पर शादी का दबाव बनाना शुरू कर दिया। जब गुंजन ने इनकार किया तो वह उसे धमकाने लगा। बाद में गुंजन को पता चला कि आकाश पहले से शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं। सच्चाई सामने आने के बाद गुंजन ने उससे साफ तौर पर शादी से मना कर दिया, लेकिन आकाश नहीं माना।

अंश के मुताबिक आकाश लगातार गुंजन को धमकियां देता था। उसने साफ कहा था कि अगर वह उससे शादी नहीं करेगी तो वह उसे जान से मार देगा। वह बार-बार कहता था—“तू अगर मेरी नहीं हो सकती तो किसी की भी नहीं हो सकती।”

गुंजन ने यह पूरी बात अपने परिजनों को बताई थी। परिवार ने आकाश को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह शराब के नशे में बार-बार फोन कर गुंजन को धमकाता रहा। परेशान होकर गुंजन ने 31 जनवरी को पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई थी।

पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बावजूद मामले को गंभीरता से नही लिया गया जिसके बाद ,सोमवार सुबह करीब 10 बजे आकाश ने मच्छी बाजार के पास गुंजन की गर्दन पर चापड़ से वार कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ ही देर में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button