Uncategorizedउत्तराखंड

कालाढूंगी को सीएम धामी की छह बड़ी सौगातें, मिनी स्टेडियम बनेगा और अस्पताल का होगा उच्चीकरण; कॉर्बेट में महिलाओं को मिलेंगी 70 जिप्सियां

कालाढूंगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कालाढूंगी के राजकीय इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित नारी शक्ति सम्मान समारोह में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली 22 महिलाओं को सम्मानित किया और कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए छह महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें मिनी स्टेडियम का निर्माण, अस्पताल का उच्चीकरण, सड़कों का निर्माण और चौड़ीकरण सहित कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना शामिल है।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि कालाढूंगी क्षेत्र में 200 विद्युत पोल स्थापित किए जाएंगे। ग्राम गुजरौड़ा के नवाड़ तोक सैलानी में सड़क का नवनिर्माण होगा। इसके अलावा कालाढूंगी में मिनी स्टेडियम बनाया जाएगा और गोडापड़ाव बाईपास मार्ग से ग्राम बजवालपुर-किशनपुर तक सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा। कालाढूंगी अस्पताल का भी उच्चीकरण किया जाएगा। वहीं, पर्यटन सत्र 2026-27 में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 70 अतिरिक्त जिप्सियों का पंजीकरण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन घोषणाओं से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य, सड़क एवं खेल सुविधाओं के साथ रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

समारोह में मुख्यमंत्री ने खेल, शिक्षा, कृषि, स्वरोजगार और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 22 महिलाओं को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की उपलब्धियां पूरे समाज के लिए प्रेरणा हैं। यह आयोजन महिलाओं के साहस, संघर्ष, परिश्रम और उनकी सफलता को सम्मान देने का अवसर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। नारी का वास्तविक सम्मान तभी है, जब उसे समान अवसर मिलें, उसके निर्णयों को महत्व दिया जाए और वह आत्मनिर्भर बनकर अपने सपनों को पूरा कर सके। उन्होंने उत्तराखंड की महिलाओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद प्रदेश की महिलाएं खेती, पशुपालन, परिवार और सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाते हुए विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने अपने बचपन का अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनकी माता का संघर्ष, अनुशासन और परिश्रम हमेशा उनके लिए प्रेरणा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है। उज्ज्वला योजना, जनधन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं से महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। वहीं, नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया है। उत्तराखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 71 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों से पांच लाख से अधिक ग्रामीण महिलाएं जुड़ी हैं। प्रदेश में साढ़े तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना और मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना के माध्यम से भी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने के लिए शुरू किया गया ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड भी महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता का माध्यम बन रहा है। इससे करीब 5,500 महिलाएं जुड़ी हैं और अब तक छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री हो चुकी है।

उन्होंने नंदा गौरा योजना का जिक्र करते हुए बताया कि पात्र बालिकाओं के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं उत्तीर्ण करने के बाद 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। साथ ही प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू कर महिलाओं को समान अधिकार और सुरक्षा देने की दिशा में कदम उठाया गया है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि मातृशक्ति के सहयोग से उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने का संकल्प पूरा होगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान, अधिकारों, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य करती रहेगी।

कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक बंशीधर भगत, सरिता आर्य, दीवान सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, महापौर गजराज बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button