उत्तराखंड

देहरादून लूटकांड में नया मोड़: वायरल वीडियो के बाद सिपाही निलंबित, पुलिस पर लगे आरोपों की जांच एसपी देहात को

पटेलनगर में 14 लाख रुपये की लूट के मामले में बजरंग दल कार्यकर्ता सिद्धांत बडोनी की गिरफ्तारी के बाद बढ़ा विवाद; वीडियो में सिपाही ने कथित अमानवीय व्यवहार का किया जिक्र

देहरादून। पटेलनगर में 14 लाख रुपये की लूट के मामले में बजरंग दल कार्यकर्ता सिद्धांत बडोनी की गिरफ्तारी के बाद विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। अब सोशल मीडिया पर एक पुलिसकर्मी का कथित वीडियो वायरल होने से मामला नया मोड़ ले चुका है। वीडियो में सिपाही सिद्धांत बडोनी के साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार किए जाने की बात कहता सुनाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने संबंधित कॉन्स्टेबल को निलंबित कर दिया है।

सिद्धांत बडोनी की गिरफ्तारी के बाद से ही बजरंग दल पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठा रहा है। इसी बीच वायरल हुए वीडियो ने पुलिस की कार्यशैली और आरोपी के साथ किए गए व्यवहार को लेकर बहस तेज कर दी है। वीडियो में सिपाही कथित तौर पर एक पुलिस अधिकारी का जिक्र करते हुए कुछ विवादित टिप्पणियां भी करता नजर आ रहा है।

हालांकि, वीडियो में किए गए दावों और उसमें दिखाई-सुनाई दे रही बातों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने पटेलनगर पुलिस पर लगे आरोपों की जांच एसपी देहात जया बलूनी को सौंप दी है। वहीं, 14 लाख रुपये की लूट के मामले की विवेचना थानाध्यक्ष सहसपुर कर रहे हैं।

फरार आरोपी आदित्य के वीडियो की भी जांच

एसएसपी के मुताबिक, लूटकांड में फरार आरोपी आदित्य का एक अन्य वीडियो भी सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। पुलिस उसकी भी जांच करा रही है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो में किए गए दावों और पूरे घटनाक्रम की गहनता से पड़ताल की जाएगी।

फिलहाल पुलिस के सामने दो अहम पहलू हैं। पहला, सिद्धांत बडोनी के साथ कथित तौर पर किए गए व्यवहार से जुड़े आरोपों की सच्चाई सामने लाना और दूसरा, लूटकांड की जांच को आगे बढ़ाना। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि वायरल वीडियो में किए गए दावों में कितनी सच्चाई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button