उत्तराखंड

उत्तराखंड में मौसम का मिज़ाज बदला: बारिश-बर्फबारी से राहत, लेकिन घने कोहरे का येलो अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में बुधवार को बारिश और बर्फबारी से राहत मिलने की उम्मीद है, हालांकि मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, पौड़ी और नैनीताल जिले के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।

मंगलवार को प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में हुई बारिश और बर्फबारी का असर मैदानी क्षेत्रों में भी देखने को मिला। दिनभर आंशिक बादल छाए रहे, हालांकि चटक धूप निकलने से ठंड का असर कुछ कम हुआ। तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो देहरादून में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री अधिक 11.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी मौसम का हाल कुछ ऐसा ही रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक चार और पांच फरवरी को प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहेगा। वहीं छह फरवरी को एक बार फिर पर्वतीय इलाकों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

इस बीच मंगलवार को देहरादून शहर में करीब आधे घंटे तक हुई भारी ओलावृष्टि ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। शहर के कई इलाकों में बर्फ जैसी सफेद चादर बिछ गई। सड़कों पर फिसलन बढ़ने से वाहनों के पहिये थम गए और कई मार्गों पर लंबा जाम लग गया। दोपहिया वाहन चालकों को अपने वाहन धक्का मारकर निकालने पड़े।

सबसे अधिक ओलावृष्टि लालटिब्बा और मसराना क्षेत्र में दर्ज की गई। मसराना में फिसलन के कारण करीब डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे उत्तरकाशी, टिहरी और धनोल्टी की ओर जाने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

धनोल्टी निवासी कुलदीप नेगी ने बताया कि दून से मसूरी होते हुए धनोल्टी जाते समय मसराना के पास जाम में फंसना पड़ा और फिसलन के कारण वाहन संभालना बेहद मुश्किल हो गया। वहीं स्थानीय निवासी धर्मपाल पंवार और आशुतोष कोठारी का कहना है कि ओलावृष्टि के बाद शहर में एक बार फिर कड़ाके की ठंड बढ़ गई है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button