
देहरादून: उत्तराखंड में इस बार मौसम ने समय से पहले ही करवट ले ली है। फरवरी के अंतिम सप्ताह में जहां आमतौर पर गुलाबी ठंड रहती है, वहीं इस बार चटख धूप और बढ़ते तापमान ने लोगों को मई-जून जैसी गर्मी का अहसास कराना शुरू कर दिया है। राजधानी देहरादून समेत मैदानी और पहाड़ी इलाकों में पारा तेजी से चढ़ रहा है।
सामान्य से 4 डिग्री अधिक पहुंचा तापमान
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार, प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया जा रहा है।
देहरादून में अधिकतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा है।
राज्य में सबसे अधिक तापमान रुड़की (हरिद्वार) में 27 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान मुक्तेश्वर (नैनीताल) में 4.6 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
अगले 48 घंटे शुष्क रहेगा मौसम
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर के अनुसार 25 और 26 फरवरी को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। चटख धूप के कारण दिन के तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना है।
हालांकि विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
महीने के अंत में बदल सकता है मौसम
राहत की खबर यह है कि महीने के अंत में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम एक बार फिर बदल सकता है। 27 और 28 फरवरी को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।तो वहीं 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात के भी आसार हैं।
मैदानी जिलों में जारी रहेगा गर्मी का असर
देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहेगा। फिलहाल मौसम विभाग ने राज्य के किसी भी हिस्से के लिए शीत लहर या शीत दिवस की चेतावनी जारी नहीं की है।



