उत्तराखंडक्राइम

रुड़की में खेल बना जानलेवा, डंडे के वार से 13 वर्षीय भानू की भी मौत,मुकदमा हुआ दर्ज

रुड़की: गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के पनियाला गांव में खेल के दौरान हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। 16 वर्षीय किशोर ने 13 साल के भानू के सिर पर डंडा मार दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

खेल के दौरान हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, सोमवार को पनियाला गांव स्थित अंबेडकर पार्क में कुछ बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान 16 वर्षीय किशोर और 13 वर्षीय भानू पुत्र बालेंद्र सिंह के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि गुस्से में आकर किशोर ने पार्क में पड़ा डंडा उठाकर भानू के सिर पर वार कर दिया।

गंभीर चोट लगने से भानू के सिर से खून बहने लगा और वह बेहोश हो गया। बच्चों के बीच चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और भानू को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन गंभीर चोट के कारण मंगलवार तड़के उसकी मौत हो गई।

हत्या का मुकदमा दर्ज

मृतक के पिता बिजेंद्र सैनी की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी नाबालिग के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। गंगनहर कोतवाली प्रभारी मणीभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

चूंकि आरोपी नाबालिग है, इसलिए आगे की कार्रवाई किशोर न्याय बोर्ड के नियमों के तहत की जाएगी।

बच्चों में बढ़ती हिंसा चिंता का विषय

पनियाला की यह घटना समाज और अभिभावकों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई है। पिछले कुछ वर्षों में रुड़की, भगवानपुर और लक्सर क्षेत्र में बच्चों के बीच मामूली विवाद हिंसक घटनाओं में बदलते देखे गए हैं।

सिविल अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अरविंद मिश्रा का कहना है कि किशोरों में धैर्य की कमी और त्वरित प्रतिक्रिया की प्रवृत्ति उन्हें आक्रामक बना रही है। अत्यधिक स्क्रीन टाइम और एकल परिवार व्यवस्था भी बच्चों के व्यवहार को प्रभावित कर रही है।

मोर्चरी के बाहर उमड़ा जनसैलाब

मंगलवार को सिविल अस्पताल की मोर्चरी के बाहर लोगों की भीड़ जुटी रही। मृतक के पिता बिजेंद्र सैनी कई बार बेसुध हो गए। ग्रामीण और परिजन उन्हें सांत्वना देते नजर आए।

पंचनामा भरने के बाद पुलिस की मौजूदगी में अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button