
देहरादून | जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशन में जनपद देहरादून में भिक्षावृत्ति और कूड़ा बीनने जैसी गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में बुधवार को चलाए गए विशेष अभियान के तहत भिक्षावृत्ति निरोधक टीम ने दो नाबालिग बालकों को रेस्क्यू कर सुरक्षित संरक्षण में लिया।
अभियान के दौरान कोलागढ़ चौक एवं पंडितवारी, चकराता रोड क्षेत्र से भिक्षावृत्ति एवं कूड़ा बीनने में संलिप्त दो नाबालिग बच्चों को चिन्हित कर मौके से रेस्क्यू किया गया। रेस्क्यू के उपरांत दोनों बच्चों की नियमानुसार जनरल डायरी (GD) में प्रविष्टि दर्ज की गई तथा उनका चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया।
सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करने के पश्चात दोनों बालकों को बाल कल्याण समिति (CWC) के समक्ष प्रस्तुत किया गया। बाल कल्याण समिति के आदेशानुसार बच्चों के हितों को ध्यान में रखते हुए उन्हें ‘समर्पण’ बाल संरक्षण गृह में सुरक्षित रूप से आवासित कराया गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भिक्षावृत्ति में लिप्त बच्चों के संरक्षण, पुनर्वास एवं उनके सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। साथ ही बाल अधिकारों के संरक्षण हेतु संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि भिक्षावृत्ति को किसी भी रूप में प्रोत्साहित न करें। यदि कहीं भी इस प्रकार की गतिविधियां दिखाई दें तो तत्काल प्रशासन को सूचित करें, ताकि बच्चों को सुरक्षित भविष्य प्रदान किया जा सके।



