उत्तराखंडस्वास्थ्य

सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्राम पंचायत भुड्डी में बहुउद्देशीय स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन

05 अक्टूबर 2026 ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आज ग्राम पंचायत भुड्डी, सहसपुर में एक विशाल बहुउद्देशीय स्वास्थ्य शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दायित्वधारी राज्य मंत्री श्री विश्वास डाबर एवं सहसपुर के क्षेत्रीय विधायक श्री सहदेव सिंह पुंडीर उपस्थित रहे। अतिथियों द्वारा विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुँचाने पर जोर दिया गया।

स्वास्थ्य शिविर में स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिसमें कुल 423 पंजीकरण एवं स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर के दौरान 145 मरीजों का ओपीडी पंजीकरण किया गया। इसके साथ ही 118 लोगों की गैर-संचारी रोग स्क्रीनिंग व 60 मरीजों की अन्य जांचें की गयी। शिविर में 18 आभा आईडी बनाई गईं तथा आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 पंजीकरण कर 1 आयुष्मान कार्ड प्रमाण पत्र जारी किया गया। वहीं दिव्यांगता पंजीकरण के तहत 4 आवेदन आए, जिनमें से 1 दिव्यांगता प्रमाण पत्र मौके पर ही जारी किया गया। शिविर में मातृ-शिशु स्वास्थ्य और अन्य विशेषज्ञ सेवाएं भी प्रमुखता से दी गईं, जिसके अंतर्गत 14 गर्भवती महिलाओं व 4 धात्री महिलाओं की जांच की गई। इसके अलावा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम में 22 तथा राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम में 22 लाभार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण हुआ। शिविर में हड्डी रोग के 10, डॉट्स/टीबी स्क्रीनिंग के 7, नेत्र जांच के 6, मानसिक स्वास्थ्य ओपीडी के 3, एनआईवीएच के 2 और कुष्ठ रोग का 1 मरीज लाभांवित हुआ। विशेषज्ञों एवं चिकित्सीय टीम द्वारा मरीजों को निःशुल्क परामर्श व औषधियां भी वितरित की गईं।

शिविर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी देहरादून के दिशा-निर्देशन में जिला स्तरीय एवं स्थानीय अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रदीप राणा तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहसपुर के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मोहन सिंह डोगरा प्रमुख रूप से शामिल थे। कार्यक्रम के सुचारू संचालन व प्रबंधन में ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक श्री अभिषेक रावत एवं आर.के.एस.के. काउंसलर श्री मुकेश रौतेला सहित स्वास्थ्य केन्द्र के समस्त चिकित्सा अधिकारियों, कर्मचारियों तथा आशा कार्यकत्रियों की सक्रिय भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button