
हल्द्वानी। जनपद नैनीताल में करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक बड़े वित्तीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. मंजुनाथ टीसी ने खुलासा किया कि “देवभूमि बहुदेशीय स्वायत्त सहकारिता” संस्था के संचालकों ने अधिक ब्याज और गारंटी का लालच देकर कुमाऊं मंडल के हजारों निवेशकों से करीब 6 करोड़ 80 लाख रुपये की ठगी की।
इस मामले में पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों हेमचंद पंत और विकास दुर्गापाल को लालकुआं क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है।
ऐसे दिया गया ठगी को अंजाम
एसएसपी के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कल्त्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी एवं क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडेय के नेतृत्व में कोतवाली रामनगर प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार की एक विशेष टीम गठित की गई। जांच कोतवाली रामनगर में दर्ज FIR संख्या 246/23 धारा 409 IPC के तहत की गई।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने वर्ष 2017 में हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र स्थित कपिल कॉम्प्लेक्स और रामनगर में अपनी शाखाएं खोलकर उत्तराखंड सरकार में पंजीकरण का हवाला दिया और आमजन को अधिक ब्याज का लालच देकर निवेश कराया।
खातों में मिला करोड़ों का लेन-देन
पुलिस जांच में अभियुक्तों के बैंक खातों में करीब 2 करोड़ 26 लाख रुपये और 4 करोड़ 58 लाख रुपये के बड़े लेन-देन का खुलासा हुआ। जांच के दौरान संस्था की दोनों शाखाएं बंद मिलीं।
दिल्ली, हरियाणा और लखनऊ में दबिश के बाद 4 फरवरी 2026 को लालकुआं से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस को यह भी पता चला है कि अन्य जनपदों में भी आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने बताया कि गिरोह में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी आशंका है, जिनकी तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही और गिरफ्तारियां की जाएंगी।
गिरफ्तार आरोपी
हेमचंद पंत (45 वर्ष) पुत्र गोविंद बल्लभ पंत, निवासी हरिपुर नायक, कुसुमखेड़ा, थाना मुखानी, नैनीताल।
विकास दुर्गापाल (41 वर्ष) पुत्र खिमानंद दुर्गापाल, निवासी एसकेएम स्कूल के पास, देहरिया, कोतवाली हल्द्वानी।
गिरफ्तारी टीम
दीपक सिंह बिष्ट, वरिष्ठ उपनिरीक्षक, लालकुआं
कांस्टेबल आनंदपुरी
कांस्टेबल जितेंद्र बिष्ट
टीम को इनाम
एसएसपी ने सफल अनावरण पर पुलिस टीम को 2500 रुपये का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की।
SSP की अपील
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि अधिक मुनाफे के लालच में न फंसें। किसी भी निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले उसकी वैधानिकता की स्वयं जांच करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। नैनीताल पुलिस आमजन की सुरक्षा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।



