
देहरादून। तिब्बती मार्केट के सामने कारोबारी अर्जुन शर्मा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। अलग-अलग स्थानों पर हुई पुलिस मुठभेड़ों के दौरान दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है। फिलहाल दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
हत्याकांड के बाद एसएसपी देहरादून के निर्देश पर जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान और नाकेबंदी की गई थी। शहर से लेकर देहात तक पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थीं। इसी क्रम में तड़के सुबह रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इसी दौरान लालतप्पर पुलिस चौकी क्षेत्र में चेकिंग के समय स्कूटी सवार एक अन्य बदमाश पुलिस को देखकर भागने लगा। रोकने पर वह एक खंडर फैक्ट्री में घुस गया और वहां से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे भी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी है।
हथियार और स्कूटी बरामद
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है। पूछताछ के दौरान दोनों बदमाशों ने तिब्बती मार्केट के सामने हुए हत्याकांड को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली है। पुलिस उनसे लगातार पूछताछ कर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।
तेजी से हुई कार्रवाई
एसएसपी देहरादून ने बताया कि घटना के बाद जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसके चलते कुछ ही घंटों में आरोपियों को पकड़ लिया गया। पुलिस टीमों को इस त्वरित कार्रवाई के लिए सराहना दी गई है।
फिलहाल दोनों आरोपियों का इलाज जारी है और स्वस्थ होने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है ताकि हत्याकांड से जुड़े सभी तथ्यों का खुलासा किया जा सके।



