उत्तराखंडराजनीती

उत्तराखंड भाजपा ने तेज की चुनावी तैयारी, जानिए कब होगी देहरादून में कोर कमेटी बैठक

देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उत्तराखंड भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में भाजपा की कोर कमेटी की अहम बैठक 14 फरवरी को देहरादून में आयोजित की जाएगी, जिसकी अध्यक्षता पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा करेंगे। बैठक से पहले एक-दो दिन में कोर कमेटी की औपचारिक घोषणा की जाएगी।

भाजपा कोर कमेटी की यह बैठक विधानसभा चुनाव की रणनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इसमें गठबंधन, चुनावी अभियान की दिशा, संगठनात्मक प्राथमिकताएं, सीट-वार रणनीति, उम्मीदवार चयन की रूपरेखा और प्रचार के मुद्दों पर गहन मंथन किया जाएगा। साथ ही जिला, मंडल और बूथ स्तर तक संगठन की समीक्षा की जाएगी।

मजबूत और कमजोर क्षेत्रों की होगी पहचान

बैठक में यह भी आकलन किया जाएगा कि किन क्षेत्रों में संगठन मजबूत है और कहां सुधार की जरूरत है। सरकार के कामकाज और संगठन के बीच बेहतर तालमेल के लिए दिशा-निर्देश तय किए जाएंगे। इसके अलावा मंत्रियों और संगठन पदाधिकारियों की भूमिकाओं पर भी चर्चा होगी। चुनाव में केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को आमजन तक कैसे पहुंचाया जाए, इस पर भी रणनीति बनाई जाएगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि कोर कमेटी की जल्द घोषणा की जाएगी, जिसके बाद जेपी नड्डा की अध्यक्षता में बैठक आयोजित होगी।

पहला सर्वे पूरा, अब दूसरे चरण की तैयारी

भाजपा का पहला राज्य स्तरीय सर्वे पूरा हो चुका है। इस सर्वे से मिले फीडबैक के आधार पर पार्टी अपनी चुनावी रणनीति को और धार देगी। महेंद्र भट्ट ने बताया कि अब दूसरे चरण का सर्वे शुरू किया जाएगा, जबकि केंद्रीय नेतृत्व का सर्वे अलग से होगा। उन्होंने कहा कि सभी प्रयासों का अंतिम उद्देश्य चुनाव जीतना है।

विधायक हों या मंत्री, अपनी सीट से ही करें तैयारी

मीडिया से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने स्पष्ट किया कि विधायक हों या मंत्री, सभी को अपनी वर्तमान सीट से ही चुनाव की तैयारी करनी होगी। संगठन ने इस मुद्दे पर अपना रुख पहले ही साफ कर दिया है और चुनाव से पहले किसी को भी सीट बदलने का मौका नहीं मिलेगा।

उन्होंने कहा कि पार्टी अनुशासन और संगठनात्मक मजबूती के आधार पर ही चुनावी मैदान में उतरेगी, जिससे जनता के बीच स्पष्ट संदेश जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button