अनियंत्रित होकर खाई में गिरा डंपर, SDRF ने रेस्क्यू कर बचाई चालक की जान

नैनीताल। बेतालघाट क्षेत्र में बुधवार देर रात एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब एक डंपर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना रात करीब 11:43 बजे जिला नियंत्रण कक्ष नैनीताल और जिला आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा एसडीआरएफ को दी गई, जिसमें एक व्यक्ति के वाहन में फंसे होने की जानकारी मिली।
सूचना मिलते ही पोस्ट खैरना से इंस्पेक्टर राम सिंह बोरा के नेतृत्व में एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचकर टीम ने त्वरित और साहसिक कार्रवाई करते हुए गहरी खाई में उतरकर डंपर (वाहन संख्या UK 12 CA 0585) में फंसे व्यक्ति को घायल अवस्था में बाहर निकाला।
रेस्क्यू टीम ने स्ट्रेचर और रोप की सहायता से कड़ी मशक्कत करते हुए घायल को सुरक्षित मुख्य मार्ग तक पहुंचाया। इसके बाद उसे एंबुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल भिजवाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घायल की पहचान जगत बोहरा (45 वर्ष), पुत्र प्रताप सिंह, निवासी सोन गांव (बस गांव), बेतालघाट, जिला नैनीताल के रूप में हुई है।
एसडीआरएफ की तत्परता और कुशल रेस्क्यू ऑपरेशन के चलते एक बड़ा हादसा टल गया, जिससे स्थानीय लोगों और प्रशासन ने राहत की सांस ली।



