उत्तराखंडपर्यटन

हेली कंपनियों पर बीकेटीसी का तीन करोड़ बकाया, 15 दिन में विधिक नोटिस के निर्देश

चारधाम यात्रा: चारधाम यात्रा के दौरान हेली और चार्टर्ड हेलिकॉप्टर सेवा संचालित करने वाली एविएशन कंपनियों पर बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) का करीब तीन करोड़ रुपये बकाया हो गया है। मंदिर समिति ने कंपनियों को 15 दिन के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए विधिक नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।

विशेष दर्शन के एवज में लिया जाता है शुल्क

चारधाम यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु केदारनाथ धाम और बदरीनाथ धाम हेलिकॉप्टर सेवा के माध्यम से पहुंचते हैं। हेली सेवा से आने वाले श्रद्धालुओं को बीकेटीसी की ओर से विशेष दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।

इस सुविधा के बदले एविएशन कंपनियों से निर्धारित शुल्क लिया जाता है। मंदिर समिति का कहना है कि श्रद्धालुओं को दर्शन कराए गए, लेकिन संबंधित कंपनियों ने शुल्क का भुगतान नहीं किया।

तीन करोड़ तक पहुंचा बकाया

मंदिर समिति के अनुसार वर्तमान में बकाया राशि लगभग तीन करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है। कई हेली कंपनियां सीजन समाप्त होने के बाद जा चुकी हैं, जिससे वसूली में कठिनाई आ रही है। भुगतान न होने से समिति को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।

अध्यक्ष ने दिए सख्त निर्देश

बीकेटीसी के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने मामले का कड़ा संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 15 दिन के भीतर हेली सेवा संचालित करने वाली कंपनियों को विधिक नोटिस जारी कर वसूली की कार्रवाई शुरू की जाए।उन्होंने स्पष्ट किया कि बकाया राशि की वसूली ब्याज सहित की जाएगी।

बनेगी नई एसओपी

अध्यक्ष ने यह भी निर्देश दिए हैं कि भविष्य में हेली सेवा से आने वाले श्रद्धालुओं के दर्शन प्रबंधन के लिए एक स्पष्ट एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) तैयार की जाए, ताकि शुल्क वसूली और व्यवस्थाओं में पारदर्शिता बनी रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button