उत्तराखंडमौसम

मार्च की शुरुआत में ही चढ़ा पारा, देहरादून में सामान्य से 6 डिग्री ज्यादा तापमान

उत्तराखंड मौसम । हिमालयी राज्य उत्तराखंड में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। रविवार को महीने के पहले ही दिन सूरज की तपिश ने लोगों को समय से पहले गर्मी का एहसास करा दिया। मैदानी इलाकों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है।

देहरादून में रिकॉर्डतोड़ गर्मी

मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के अनुसार राजधानी देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री अधिक 29.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री अधिक 12.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

गर्मी का असर केवल देहरादून तक सीमित नहीं है। हरिद्वार, उधमसिंह नगर और नैनीताल के मैदानी क्षेत्रों में भी तापमान तेजी से बढ़ रहा है।

अगले 4–5 दिन और बढ़ेगी तपिश

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के मुताबिक, आगामी चार से पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की और वृद्धि हो सकती है। यानी मार्च के पहले सप्ताह के अंत तक मैदानी इलाकों में गर्मी और तेज हो सकती है।

हालांकि फिलहाल राज्य में किसी प्रकार की मौसमी चेतावनी जारी नहीं की गई है।

होली पर साफ रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार 6 मार्च तक प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहेगा। इस बार होली के अवसर पर भी बारिश के आसार नहीं हैं। त्योहार के दौरान मौसम साफ रहने की संभावना है।

7 मार्च को पहाड़ों में हल्का बदलाव संभव

7 मार्च को ऊंचाई वाले कुछ क्षेत्रों में मौसम में आंशिक बदलाव देखने को मिल सकता है। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में 3000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में कहीं-कहीं बहुत हल्की वर्षा या बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

हालांकि राज्य के बाकी जनपदों में मौसम शुष्क ही रहने का अनुमान है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button