
चमोली: दशोली विकास खंड की ग्राम पंचायत सैकोट में महिला मंगल दल ने गांव के सार्वजनिक कार्यों में शराब पीने और पिलाने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। पंचायत घर के आंगन में आयोजित बैठक में महिलाओं ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित करते हुए सख्त नियम लागू करने की घोषणा की।
बैठक की अध्यक्षता महिला मंगल दल की अध्यक्ष सतेश्वरी देवी ने की। इस दौरान ग्राम पंचायत की महिलाओं ने क्षेत्र में बढ़ते शराब प्रचलन पर गंभीर चिंता व्यक्त की। महिलाओं का कहना था कि शराब के कारण गांव का सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है और पारिवारिक व सामाजिक कार्यक्रमों की गरिमा भी कम हो रही है।
बैठक में यह प्रस्ताव पारित किया गया कि ग्राम पंचायत के अंतर्गत किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम — जैसे शादी, सामूहिक आयोजन या अन्य सामाजिक कार्य — में शराब परोसने या सेवन करने पर संबंधित परिवार से 50 हजार रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा। इसके साथ ही गांव में शराब पीकर माहौल खराब करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
महिलाओं ने निर्णय लिया कि समय-समय पर गांव में शराब के खिलाफ जागरूकता रैली और अभियान चलाए जाएंगे, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा सकें।
सामाजिक कार्यकर्ता चंडी थपलियाल ने महिला मंगल दल के इस निर्णय का समर्थन करते हुए इसे ग्राम पंचायत और समाज के हित में बताया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की यह पहल अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणादायक साबित हो सकती है।
बैठक के बाद महिला मंगल दल की ओर से टेंटुणा और सैकोट से होते हुए आमखेत मालधार तक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के दौरान महिलाओं ने नशा मुक्ति के समर्थन में नारे लगाए और ग्रामीणों से इस अभियान में सहयोग की अपील की।
गांव की महिलाओं का कहना है कि उनका उद्देश्य किसी को दंडित करना नहीं, बल्कि समाज को स्वस्थ और सुरक्षित बनाना है। महिला मंगल दल का यह कदम क्षेत्र में नशा मुक्ति की दिशा में एक मजबूत पहल माना जा रहा है।



