तीन दिन बाद बदला मौसम, मैदानी इलाकों में बढ़ी ठंड, ऊंचाई वाले पांच जिलों में बर्फबारी की संभावना

देहरादून। प्रदेश में लगातार तीन दिन तक साफ मौसम रहने के बाद रविवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। दिनभर बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने से मैदानी इलाकों में ठंड का अहसास बढ़ गया। हालांकि तापमान में कोई बड़ी गिरावट दर्ज नहीं की गई, लेकिन ठंडी हवाओं और बारिश ने मौसम को सर्द बना दिया।
इसी बीच राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने प्रदेश के पांच जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना को लेकर चेतावनी जारी की है। इस संबंध में उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर के जिलाधिकारियों को पत्र भेजा गया है। पत्र में कहा गया है कि इन जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शाम पांच बजे तक बर्फबारी हो सकती है। अस्थायी रूप से इन क्षेत्रों में रह रहे लोगों को एहतियातन एक-दो दिन के लिए निचले स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।
मसूरी में मौसम ने बदला मिज़ाज
पर्यटन नगरी मसूरी में रविवार को सुबह से ही घने बादल छाए रहे। दोपहर में हल्की से मध्यम बारिश शुरू हुई, जबकि देर शाम बर्फ के फव्वारे भी पड़े। इससे शहर में ठंड एक बार फिर लौट आई। रविवार को मसूरी का अधिकतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
ठंड बढ़ने से लोग चौक-चौराहों पर अलाव तापते नजर आए। मौसम में इस बदलाव के चलते मसूरी और आसपास के इलाकों में फिर से बर्फबारी की उम्मीद जताई जा रही है।



