
पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश, जवाबी कार्रवाई में घायल हुआ आरोपी; अवैध तमंचे और कारतूस बरामद
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर के चर्चित गैंगरेप मामले में पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार देर रात हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर फरार होने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके दो साथियों को मौके से दबोच लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
मामले का खुलासा करते हुए एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि शनिवार रात सिडकुल क्षेत्र की एक कंपनी में कार्यरत युवती अपनी सहेली और दो परिचित युवकों के साथ भूरारानी रोड पर गई थी। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवकों ने चारों को कथित रूप से जबरन अपने कब्जे में ले लिया और गदरपुर हाईवे की ओर ले गए।
रास्ते में एक युवक और एक युवती चलती बाइक से कूदकर किसी तरह बच निकले, जबकि पीड़िता और उसके साथ मौजूद युवक आरोपियों के कब्जे में रहे। आरोप है कि गदरपुर क्षेत्र पहुंचने के बाद आरोपियों ने युवक को रास्ते में उतार दिया और युवती को अपने साथ ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता की शिकायत पर रुद्रपुर कोतवाली में सामूहिक दुष्कर्म समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से मिली सफलता
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने हाईवे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। सोमवार देर रात सूचना मिली कि आरोपी बगवाड़ा चौकी क्षेत्र से किच्छा हाईवे की ओर भागने की फिराक में हैं।
पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में एक घायल
पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गुरबाज उर्फ मानु (23) निवासी ग्राम कलकत्ती, गदरपुर के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि उसके साथी जोगा सिंह (24) और रविंदर (19) निवासी ग्राम अज्जूवाला, थाना मिलक खानम (जनपद रामपुर, उत्तर प्रदेश) को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
अवैध हथियार बरामद, आपराधिक नेटवर्क की भी जांच
पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम सहित अन्य धाराओं में अलग से मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक इतिहास, संभावित नेटवर्क और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध गंभीर अपराध करने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगी। मामले की विवेचना जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


