
नई टिहरी: टिहरी जनपद के घनसाली थाना क्षेत्र के चमोल गांव में 14 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप पीड़िता के चाचा पर लगाया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पीड़िता की तहरीर पर मामला दर्ज
घनसाली थानाध्यक्ष अजय कुमार जाटव ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(1) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की धारा 3/4 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने शिकायत में बताया कि वह शाम के समय टॉर्च चार्ज करने के लिए अपने चाचा के घर गई थी। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ पहले छेड़छाड़ की और फिर दुष्कर्म किया।
पुलिस ने तत्काल की कार्रवाई
घटना के बाद पीड़िता चौकी लाटा चिमियाला पहुंची, जहां उसकी शिकायत दर्ज की गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे स्थानीय बेलेश्वर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल नई टिहरी भेजा गया।
अगले दिन मेडिकल परीक्षण के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए।
जांच जारी
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी तथ्यों को साक्ष्यों के आधार पर स्पष्ट किया जाएगा।



