
देहरादून। उत्तराखंड में शनिवार (14 फरवरी) को मौसम पूरी तरह शांत और सुहाना बना हुआ है। पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक आसमान साफ है और दिन में हल्की धूप खिलने के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के अधिकांश जनपदों में आज मौसम शुष्क रहेगा।
मैदानी क्षेत्रों में दिन के समय अच्छी धूप निकलने से हल्की गर्मी का एहसास हो रहा है, जबकि ऊंचाई वाले इलाकों में भी धूप खिलने से मौसम सुहावना बना हुआ है। वेलेंटाइन डे मनाने पहुंचे पर्यटकों के लिए हिल स्टेशनों पर मौसम अनुकूल है, हालांकि फिलहाल बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है।
हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं हुआ है, जिससे सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस की जा रही है। वहीं देहरादून और हल्द्वानी में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया है। देहरादून का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है। मैदानी इलाकों में दिन के समय अप्रैल जैसी गर्मी का एहसास होने लगा है।
17 फरवरी से बदलेगा मौसम, पांच जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग ने 17 फरवरी को प्रदेश के पांच जिलों में मौसम बदलने का अनुमान जताया है। इन जिलों में उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथौरागढ़ शामिल है।इन जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। विभाग के अनुसार 3300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।
ऊंचाई वाले इलाकों में कड़ाके की ठंड
प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में अभी भी हाड़ कंपा देने वाली ठंड जारी है। मुनस्यारी में न्यूनतम तापमान -28°C दर्ज किया गया है गंगोत्री में -22°C तापमान है।बद्रीनाथ में -20°C दर्ज किया गया।हर्षिल और हेमकुंड में -19°C तापमान है।केदारनाथ में -14°C और यमुनोत्री में -12°C तापमान दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन 17 फरवरी के बाद ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।



