उत्तराखंड

हरिद्वार कुंभ-2027 का लोगो, वेबसाइट और गीत लॉन्च, सीएम धामी बोले- दिव्य और भव्य होगा आयोजन

कुंभ की पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने की पहल, लोगो में गंगा, हरकी पैड़ी और सनातन परंपरा के प्रतीक शामिल; ‘कुंभ का पर्व आ गया’ गीत भी जारी

हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को प्रचार-प्रसार के स्तर पर गति देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मेले के आधिकारिक लोगो, वेबसाइट और गीत का लोकार्पण किया। मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ भारत की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा और जनआस्था का महत्वपूर्ण पर्व है। राज्य सरकार इसे दिव्य, भव्य, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगो, वेबसाइट और गीत के जरिए कुंभ की धार्मिक व सांस्कृतिक पहचान को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत किया जाएगा। इन माध्यमों से श्रद्धालुओं को आयोजन से जुड़ी जानकारियां उपलब्ध कराने और कुंभ के संदेश को देश-विदेश तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

लोगो में दिखेगी हरिद्वार की धार्मिक पहचान

कुंभ-2027 के आधिकारिक लोगो में मां गंगा, हरकी पैड़ी, धनुष पुल और सूर्योदय की छटा को दर्शाया गया है। इसके साथ शिव प्रतिमा, साधु-संतों, त्रिशूल, डमरू तथा मां मनसा देवी और मां चंडी देवी की पहाड़ियों को भी जगह दी गई है। इन प्रतीकों के जरिए हरिद्वार की धार्मिक महत्ता और सनातन परंपरा को सामने लाने का प्रयास किया गया है।

मेला प्रशासन ने लोगो तैयार करने के लिए राज्य के युवाओं और विद्यार्थियों से डिजाइन आमंत्रित किए थे। प्राप्त सैकड़ों प्रविष्टियों में से चयन समिति ने हरिद्वार के जगजीतपुर निवासी मधु शर्मा के डिजाइन को चुना। इसी डिजाइन के आधार पर कुंभ का आधिकारिक लोगो तैयार किया गया है।

वेबसाइट पर मिलेंगी कुंभ से जुड़ी जानकारियां

कुंभ मेला-2027 की आधिकारिक वेबसाइट https://haridwarkumbh.uk.gov.in भी लॉन्च की गई। इसके माध्यम से श्रद्धालुओं और आगंतुकों तक मेले से संबंधित प्रामाणिक सूचनाएं पहुंचाने की योजना है। डिजिटल माध्यम से देश के विभिन्न हिस्सों और विदेशों में रहने वाले श्रद्धालु भी आयोजन से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

वेबसाइट के जरिए कुंभ से जुड़ी सूचनाओं को व्यवस्थित रूप से उपलब्ध कराने और लोगों तक पहुंच आसान बनाने पर जोर दिया गया है।

‘कुंभ का पर्व आ गया’ गीत भी जारी

कार्यक्रम में कुंभ का आधिकारिक गीत ‘कुंभ का पर्व आ गया’ भी जारी किया गया। गीत की शुरुआती पंक्तियां हैं—‘साधु और संतों के मन में हर्ष छा गया, कुंभ का पर्व आ गया।’ गीत में कुंभ के आगमन, साधु-संतों के उत्साह और श्रद्धालुओं की आस्था को अभिव्यक्त किया गया है।

हरिद्वार निवासी गायक राघव राजा ने इस गीत की रचना, गायन और संगीत तैयार किया है। इसके माध्यम से कुंभ के प्रति लोगों का भावनात्मक जुड़ाव बढ़ाने और आयोजन का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का उद्देश्य है।

परंपरा और आधुनिक तकनीक का संगम

कुंभ के लोगो, वेबसाइट और गीत को आयोजन की पहचान मजबूत करने के तीन प्रमुख माध्यमों के रूप में प्रस्तुत किया गया। लोगो प्रचार सामग्री को एक विशिष्ट पहचान देगा, वेबसाइट डिजिटल सूचना का मंच बनेगी और गीत के जरिए धार्मिक उत्सव का संदेश लोगों तक पहुंचेगा।

कुंभ मेला उत्तराखंड की धार्मिक विरासत और पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। आयोजन की तैयारियों के साथ इसके प्रचार-प्रसार को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है।

कार्यक्रम में मंत्री और अधिकारी रहे मौजूद

लोकार्पण समारोह में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, सौरभ बहुगुणा, खजान दास, भरत सिंह चौधरी, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत भुल्लर, महानिदेशक सूचना वंशीधर तिवारी और मेला व जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button