सीएम धामी ने विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 का किया शुभारंभ, हिमालयन इंस्टीट्यूट को ₹1 करोड़ देने की घोषणा

50 से अधिक देशों के विशेषज्ञ और वैज्ञानिक सम्मेलन में ले रहे हिस्सा, हिमालयी क्षेत्रों में आपदा जोखिम, जलवायु परिवर्तन और आधुनिक तकनीक पर होगा मंथन
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, देहरादून के कॉरपस फंड के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की। तीन दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में 50 से अधिक देशों के विशेषज्ञ, वैज्ञानिक, शिक्षाविद् और आपदा प्रबंधन से जुड़े संस्थानों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।
सिलक्यारा सुरंग रेस्क्यू ऑपरेशन की ऐतिहासिक सफलता के तीन वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित इस सम्मेलन में आपदा प्रबंधन की आधुनिक तकनीकों, अनुसंधान, नवाचार और अंतरराष्ट्रीय सहयोग पर चर्चा की जा रही है। सम्मेलन के विभिन्न सत्र छह महाद्वीपों में एक साथ आयोजित हो रहे हैं। इसमें देश के 30 से अधिक राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की भी भागीदारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मेलन उत्तराखंड को आपदा प्रबंधन, अनुसंधान और वैश्विक सहयोग के क्षेत्र में महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। दुनिया के विभिन्न देशों के अनुभवों और आधुनिक तकनीकों को साझा करने से आपदाओं से निपटने के लिए प्रभावी रणनीतियां तैयार करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन अब किसी एक देश या क्षेत्र तक सीमित विषय नहीं, बल्कि पूरी मानवता की साझा जिम्मेदारी है।

सिलक्यारा रेस्क्यू ऑपरेशन को बताया साहस और सामूहिक संकल्प की मिसाल
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2023 में सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों के सफल रेस्क्यू अभियान को याद करते हुए कहा कि 17 दिनों के अथक प्रयासों के बाद सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालना मानवता, साहस, धैर्य और सामूहिक संकल्प की ऐतिहासिक विजय थी। उन्होंने श्रमिकों के धैर्य और बचाव अभियान में शामिल सभी एजेंसियों के योगदान की सराहना की।
उन्होंने कहा कि इस अभियान में इंजीनियरों, वैज्ञानिकों, रैट माइनर्स, सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, केंद्रीय और राज्य एजेंसियों के साथ स्थानीय नागरिकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी लगातार अभियान की जानकारी लेते रहे और आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करते रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब आधुनिक मशीनों के सामने चुनौतियां आईं, तब रैट माइनर्स के कौशल और साहस ने अभियान को सफलता तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया। यह ऑपरेशन आधुनिक तकनीक और मानवीय संवेदनशीलता के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण बना।
जलवायु परिवर्तन और हिमालयी क्षेत्रों की संवेदनशीलता पर विशेष चर्चा
मुख्यमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण दुनिया के कई हिस्सों में अतिवृष्टि, बाढ़, सूखा, भूस्खलन और वनाग्नि जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं। इनका असर जनजीवन के साथ अर्थव्यवस्था, कृषि और प्राकृतिक संसाधनों पर भी पड़ रहा है। ऐसे में आपदा आने के बाद राहत और बचाव के साथ-साथ जोखिमों का पूर्वानुमान और समय रहते तैयारी करना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सहित पूरा हिमालयी क्षेत्र भौगोलिक और पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील है। केदारनाथ आपदा, चमोली आपदा और सिलक्यारा सुरंग घटना ने स्पष्ट किया है कि विकास योजनाओं में पर्यावरणीय संतुलन और मानवीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने हिमालय से निकलने वाली नदियों, ग्लेशियरों, वनों और जैव विविधता को करोड़ों लोगों के जीवन से जुड़ा बताते हुए इनके संरक्षण और वैज्ञानिक अध्ययन की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हिमालयी क्षेत्रों की चुनौतियां कई देशों और राज्यों में समान हैं, इसलिए इनके समाधान के लिए साझा प्रयास जरूरी हैं।
एआई, ड्रोन और सैटेलाइट तकनीक से मजबूत होगा आपदा प्रबंधन
मुख्यमंत्री ने आपदा प्रबंधन में आधुनिक तकनीक और पारंपरिक ज्ञान के समन्वय को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, रिमोट सेंसिंग, जीआईएस, सैटेलाइट मॉनिटरिंग और ड्रोन तकनीक के माध्यम से आपदा जोखिमों का बेहतर आकलन किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि इन तकनीकों का लाभ प्रदेश के दूरस्थ गांवों तक पहुंचना चाहिए, ताकि समय रहते चेतावनी जारी की जा सके और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा सके। आपदा प्रबंधन को केवल राहत एवं बचाव तक सीमित रखने के बजाय पूर्व तैयारी, जोखिम न्यूनीकरण और आपदा के बाद पुनर्वास एवं पुनर्निर्माण से जोड़ना होगा।
घर और समुदाय से शुरू होनी चाहिए आपदा से निपटने की तैयारी
सम्मेलन की थीम ‘रेजिलिएंस स्टार्ट्स एट होम’ का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा से निपटने की तैयारी की शुरुआत घर, गांव, विद्यालय और स्थानीय समुदाय से होनी चाहिए। प्रत्येक नागरिक को आपदा के समय अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की जानकारी होनी चाहिए। प्रशिक्षित युवा, पंचायतें और स्थानीय संस्थाएं आपदा के प्रभाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड सरकार एसडीआरएफ को मजबूत करने, आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराने, पूर्व चेतावनी प्रणाली विकसित करने और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने पर काम कर रही है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव के साथ पुनर्वास और पुनर्निर्माण को भी प्राथमिकता दी जा रही है।
धराली आपदा का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी के धराली क्षेत्र में आई आपदा का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद वह स्वयं प्रभावित क्षेत्र पहुंचे थे और लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी थीं। इस दौरान गुजरात की एक महिला द्वारा उन्हें धर्मभाई मानकर राखी बांधने के प्रसंग को याद करते हुए उन्होंने कहा कि आपदा के समय लोगों का विश्वास और स्नेह सरकार को उनके साथ खड़े रहने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास की कोई भी परियोजना मानव जीवन से अधिक महत्वपूर्ण नहीं हो सकती। पर्यावरण संरक्षण, जनसुरक्षा और आपदा के प्रति तैयारी को विकास योजनाओं का अभिन्न हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने विश्वास जताया कि सम्मेलन में होने वाला विचार-विमर्श उत्तराखंड सहित पूरे हिमालयी क्षेत्र और दुनिया के अन्य संवेदनशील इलाकों के लिए उपयोगी साबित होगा।
कार्यक्रम में उत्तराखंड आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय कुमार रोहिल्ला, दून विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. सुरेखा डंगवाल, पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सदस्य डॉ. दिनेश कुमार असवाल सहित विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधि, वैज्ञानिक, शिक्षाविद् और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



