
देहरादून। उत्तराखंड के कोटद्वार में ‘बाबा’ दुकान के नाम को लेकर हुए विवाद पर अब सियासत तेज हो गई है। इस पूरे मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा बयान देते हुए कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि “नाम के आगे मोहम्मद लगा दो, अच्छे लगते हैं… यह क्या बात हुई?”
चंपावत जिले में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कांग्रेस उन लोगों का समर्थन करती है, जो कथित तौर पर अपने “पवित्र हिंदू नामों” के आगे ‘मोहम्मद’ जोड़कर समाज को भ्रमित करते हैं, और कांग्रेस के नेता ऐसे लोगों के समर्थन में ट्वीट भी करते हैं।
धर्मांतरण और ‘जिहाद’ पर सख्त कानून का जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की मूल पहचान की रक्षा के लिए उनकी सरकार ने जबरन धर्मांतरण के खिलाफ सख्त कानून बनाया है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में लैंड जिहाद, लव जिहाद और थूक जिहाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
“नाम बदलकर धोखा देने वालों को कांग्रेस का समर्थन”
मुख्यमंत्री धामी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस तुष्टीकरण की राजनीति के चलते ऐसे लोगों को पसंद करती है,जो नाम बदलकर धोखा देते हैं, निर्दोष महिलाओं और लड़कियों को भ्रमित करते हैं, और उनका भविष्य बर्बाद करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इन गंभीर मुद्दों से कोई सरोकार नहीं है।
क्या है कोटद्वार बाबा विवाद
यह बयान कोटद्वार की चर्चित घटना से जुड़ा है, जिसमें जिम संचालक दीपक कुमार राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आए। कोटद्वार में ‘बाबा’ नामक कपड़ों की दुकान के बाहर बजरंग दल के कार्यकर्ता जमा हो गए थे और 70 वर्षीय दुकानदार वकील अहमद पर दुकान का नाम बदलने का दबाव बना रहे थे।
इसी दौरान दीपक कुमार ने प्रदर्शनकारियों का सामना करते हुए कथित तौर पर खुद को ‘मोहम्मद दीपक’ बताया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। पुलिस की कार्रवाई के बाद मामला शांत हुआ।
राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री धामी ने इस मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की प्रतिक्रिया को लेकर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के “शहजादे” ने बिना तथ्य जाने इस व्यक्ति के समर्थन में पार्टी को खड़ा कर दिया।
गौरतलब है कि राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर दीपक कुमार की तारीफ करते हुए उन्हें “भारत का हीरो” बताया था। मुख्यमंत्री धामी ने इसे कांग्रेस की तुष्टीकरण की राजनीति का एक और उदाहरण बताया।



