उत्तराखंडदेहरादून

कोटद्वार में दुकान के नाम को लेकर बवाल, बजरंग दल कार्यकर्ताओं का हंगामा, दोनों पक्षों में मारपीट

कोटद्वार। पटेल मार्ग स्थित एक कपड़े की दुकान का नाम “बाबा” रखने को लेकर शनिवार को कोटद्वार में जमकर हंगामा हुआ। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने दुकान के नाम पर आपत्ति जताते हुए नारेबाजी की, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में मारपीट हो गई और करीब 20 मिनट तक पटेल मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही।

 

जानकारी के अनुसार, बजरंग दल के कार्यकर्ता शनिवार को देहरादून से कोटद्वार पहुंचे और दुकान के बाहर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि दुकान का नाम “बाबा” रखने को लेकर पहले भी आपत्ति जताई गई थी और दुकानदार ने दुकान शिफ्ट करने के बाद नाम बदलने का आश्वासन दिया था, लेकिन दुकान स्थानांतरित होने के बाद भी नाम नहीं बदला गया।

 

प्रदर्शन के दौरान विवाद बढ़ने पर दुकानदार और उसके साथियों ने बजरंग दल कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट कर दी। इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जो दो दिन पुराना बताया जा रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति स्वयं को मोहम्मद दीपक बताते हुए कहता दिख रहा है कि दुकान 30 साल पुरानी है और इस मामले में नेतागिरी न की जाए।

 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर थाने ले गए। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है और मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button