
देहरादून: उत्तराखंड सरकार प्रदेश के हर परिवार को देवभूमि परिवार पहचान पत्र देने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। नियोजन विभाग की ओर से इस योजना को लागू करने के लिए एक विशेष कानून तैयार किया जा रहा है, जिसे फरवरी में कैबिनेट और मार्च में विधानसभा में पेश किया जाएगा।
इस योजना के तहत प्रत्येक परिवार का एक यूनिक आईडी नंबर होगा, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे और सही लोगों तक पहुंच सकेगा। इसके लिए नियोजन विभाग ने अलग सेल और डिजिटल पोर्टल भी तैयार कर लिया है।
प्रमुख सचिव नियोजन आर मीनाक्षी सुंदरम ने बताया कि विधानसभा से मंजूरी मिलने के बाद मार्च 2026 में योजना लागू होने की संभावना है। इससे सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी और फर्जी लाभ पर रोक लगेगी।



