
देहरादून: दो दिन बाद प्रदेशभर में मौसम साफ होने के साथ ही तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। खासकर मैदानी इलाकों में दिन के समय गर्मी का अहसास हुआ। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहेगा।
दून में सामान्य से पांच डिग्री अधिक तापमान
आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री अधिक बढ़कर 11.6 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के अन्य मैदानी इलाकों में भी तापमान में इसी तरह की बढ़ोतरी देखी गई।
रविवार से बदलेगा मौसम
आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव के संकेत हैं। मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार रविवार से प्रदेश के पर्वतीय जिलों में मौसम करवट ले सकता है।
उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। खासतौर पर तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने के आसार हैं।
मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।



