
चारधाम यात्रा: आगामी चारधाम यात्रा से पहले बदरी-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी) बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में विशेष पूजा के शुल्क में बढ़ोतरी करने की तैयारी में है। इस संबंध में बीकेटीसी की आगामी बोर्ड बैठक में प्रस्ताव पर मुहर लग सकती है।
हर वर्ष चारधाम यात्रा के दौरान केदारनाथ धाम और बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। हालांकि सामान्य दर्शन के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाता, लेकिन विशेष पूजाओं के लिए समिति द्वारा निर्धारित शुल्क लिया जाता है।
केदारनाथ में वर्तमान विशेष पूजा शुल्क
केदारनाथ धाम में रुद्राभिषेक पूजा के लिए पांच श्रद्धालुओं से 7200 रुपये शुल्क लिया जाता है। अभिषेक पूजा के लिए 9500 रुपये, लघु रुद्राभिषेक के लिए 6100 रुपये, षोडशोपचार पूजा के लिए 5500 रुपये और अष्टोपचार पूजा के लिए पांच श्रद्धालुओं से 950 रुपये निर्धारित हैं। वहीं, पूरे दिन की पूजा के लिए 28,600 रुपये शुल्क तय है।
बदरीनाथ में विशेष पूजा शुल्क
बदरीनाथ धाम में महाभिषेक पूजा के लिए प्रति यात्री 4700 रुपये, अभिषेक पूजा के लिए 4500 रुपये और पूरे दिन की पूजा के लिए 12,000 रुपये शुल्क लिया जाता है। इसके अलावा श्रीमद भागवत पाठ के लिए 51,000 रुपये का शुल्क निर्धारित है।
सूत्रों के अनुसार, बीते कई वर्षों से विशेष पूजा शुल्क में कोई वृद्धि नहीं की गई है। लेकिन धामों में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या और व्यवस्थाओं की बढ़ती लागत को देखते हुए समिति शुल्क संशोधन पर विचार कर रही है।
बताया जा रहा है कि आगामी बोर्ड बैठक में विशेष पूजा शुल्क बढ़ाने के प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय लिया जा सकता है।



