
देहरादून। राजधानी के व्यस्ततम चकराता रोड पर सोमवार शाम पानी के गुब्बारे फेंकने को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर कहासुनी और मारपीट हो गई। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया।
जानकारी के अनुसार, चकराता रोड पर कुछ युवकों द्वारा पानी के गुब्बारे फेंके जा रहे थे। इसी बात को लेकर दो गुटों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़कर मारपीट में बदल गई।
एक पक्ष में दीपक और उसका दोस्त अक्षय शामिल बताए जा रहे हैं, जबकि दूसरे पक्ष में मनआनंद का नाम सामने आया है। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ कोतवाली नगर में शिकायत दर्ज कराई।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों पक्षों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और चश्मदीदों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



