
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल के समीप उस समय हड़कंप मच गया, जब सुशीला तिवारी अस्पताल के पास खड़ी एक कार के अंदर एक युवक का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने कार में एक युवक को अचेत अवस्था में देखा और तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) और कोतवाल समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने कार के दरवाजे तोड़कर अंदर बैठे युवक को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि कार का एसी चल रहा था, जिसके कारण युवक का शरीर पूरी तरह ठंडा पड़ चुका था।जिसके बाद पुलिस ने तत्काल युवक को डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 32 वर्षीय युवक के रूप में हुई है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। प्रारंभिक जांच में शव पर किसी स्पष्ट बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं।
हालांकि, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।



