
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग मुस्लिम यूनिवर्सिटी बनाने की बात करते थे, यदि उस समय वे सरकार में आते तो निश्चित रूप से उसी दिशा में आगे बढ़ते। उन्होंने कहा कि अब यह बात जनता के सामने स्पष्ट हो चुकी है।
दून विश्वविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान विपक्ष को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह से मामला सामने आया है, उससे स्थिति साफ हो गई है और प्रकरण में कार्रवाई की जाएगी।
मदरसे के नाम पर दी गई जमीन की जांच के आदेश
सहसपुर क्षेत्र में मदरसे के नाम पर ट्रस्ट को दी गई जमीन को अन्य लोगों को बेचे जाने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मामला गंभीर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच के आदेश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि “अगर जमीन नियम और व्यवस्था के आधार पर नहीं दी गई है, तो नियम-कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। जरूरत पड़ी तो जमीन को सरकार में निहित किया जाएगा।”
डॉ. नित्यानंद के विचारों को आगे बढ़ाएगी सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार डॉ. नित्यानंद की जन्म शताब्दी मना रही है। उन्होंने सीमांत क्षेत्रों में डेमोग्राफी में हो रहे बदलाव को लेकर बहुत पहले चिंता जताई थी।
सीएम धामी ने कहा कि डॉ. नित्यानंद ने हिमालय और पर्यावरण संरक्षण पर भी गहन शोध किया था और सरकार उनके विचारों व शोध कार्यों को आगे बढ़ाने का काम करेगी।
मुख्यमंत्री के इस बयान को प्रदेश की राजनीति में एक स्पष्ट संदेश के रूप में देखा जा रहा है, खासकर जमीन और शिक्षा से जुड़े संवेदनशील मामलों को लेकर।



