उत्तराखंड में दो बड़े सड़क हादसे, 13 लोगों की मौत; 31 घायल

रुद्रप्रयाग में बारातियों की जीप खाई में गिरी, टिहरी के गूलर में यात्रियों से भरी बस नदी में समाई; राष्ट्रपति, पीएम मोदी और सीएम धामी ने जताया दुख
उत्तराखंड में सोमवार रात से मंगलवार सुबह तक हुए दो भीषण सड़क हादसों ने प्रदेश को झकझोर दिया। रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि और टिहरी गढ़वाल जिले के गूलर में हुए इन हादसों में कुल 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 31 लोग घायल हुए हैं। एक हादसे में शादी से लौट रही बारातियों की जीप गहरी खाई में जा गिरी, वहीं दूसरे हादसे में हरिद्वार से जोशीमठ जा रही यात्रियों से भरी बस पुल से नीचे नदी के किनारे गदेरे में गिर गई। हादसों पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शोक व्यक्त किया है।
अगस्त्यमुनि में बारातियों की जीप खाई में गिरी, चार की मौत
पहला हादसा सोमवार रात करीब नौ बजे रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि ब्लॉक की क्यूंजा घाटी में हुआ। पोखरी में शादी समारोह संपन्न होने के बाद बारातियों को लेकर लौट रही जीप कंडारा मार्ग पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल हो गए। इनमें चार की हालत गंभीर बताई गई है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी गुमान सिंह नेगी पुलिस बल और कांस्टेबल सोनू गोदियाल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एसडीआरएफ की टीम ने भी रेस्क्यू अभियान शुरू किया। रात का अंधेरा और दुर्गम इलाका होने के कारण बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आईं। स्थानीय लोगों ने भी राहत एवं बचाव अभियान में टीमों की मदद की।
गूलर में पुल से नीचे गदेरे में गिरी बस, नौ की मौत
अगस्त्यमुनि हादसे के कुछ ही घंटे बाद मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे एक और बड़ा हादसा हो गया। ऋषिकेश से लगभग 20 किलोमीटर आगे देवप्रयाग की ओर गूलर के पास यात्रियों से भरी बस पुल से नीचे गदेरे में जा गिरी। बस हरिद्वार से जोशीमठ जा रही थी। पुलिस के अनुसार, बस में कुल 34 लोग सवार थे। हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हुए हैं।
बस के नदी किनारे गिरने के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही मुनि की रेती थाने की पुलिस और एसडीआरएफ की टीम घटनास्थल पर पहुंची। गूलर, शिवपुरी और व्यासी चौकियों से भी पुलिसकर्मियों को बचाव कार्य के लिए भेजा गया। एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे घायलों को बाहर निकालने में चुनौती का सामना करना पड़ा।
एम्स और राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराए गए घायल
अपर जिलाधिकारी शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि विश्वनाथ सेवा की बस हरिद्वार से जोशीमठ के लिए रवाना हुई थी। ऋषिकेश में कुछ देर रुकने के बाद बस आगे बढ़ी और करीब 20 किलोमीटर आगे गूलर के पास पुल से नीचे गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। रेस्क्यू अभियान पूरा होने के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से 18 लोगों को एम्स ऋषिकेश और सात को राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, बस का मालिक ऋषिकेश के श्यामपुर क्षेत्र का रहने वाला है। उसने कुछ दिन पहले ही नई बस खरीदी थी।
राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और सीएम धामी ने जताया दुख
उत्तराखंड में हुए दोनों सड़क हादसों पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
दो अलग-अलग जिलों में हुए इन हादसों के बाद प्रदेश में शोक का माहौल है। प्रशासन की ओर से घायलों के उपचार और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है।


